भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया है। अब दोनों खिलाड़ी केवल वनडे फॉर्मेट और आईपीएल में खेलते हुए नजर आते हैं। इस समय विराट और रोहित आईपीएल 2026 की तैयारियों में व्यस्त हैं। लेकिन क्रिकेट फैंस के मन में एक सवाल है कि टीम इंडिया की जर्सी में इन्हें कब खेलते हुए देखा जा सकेगा। बीसीसीआई ने हाल ही में टीम इंडिया के 2026-27 घरेलू सत्र की घोषणा की है। इस दौरान भारतीय टीम कुल 22 मैच खेलेगी, जिनमें 9 वनडे मुकाबले शामिल होंगे।
विराट और रोहित कब टीम इंडिया के लिए खेलेंगे
2026-27 में टीम इंडिया को वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे और श्रीलंका के खिलाफ तीन-तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। फैंस बेसब्री से इस सीरीज का इंतजार कर रहे हैं क्योंकि इसमें रोहित और विराट की मौजूदगी की उम्मीद जताई जा रही है। यह वनडे सीरीज टीम इंडिया के लिए 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी भी साबित होगी। विराट और रोहित इस साल सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज में खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं। इस सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर से तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा।
अगले घरेलू सीजन में टीम इंडिया के वनडे शेड्यूल
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे मुकाबले तिरुवनंतपुरम (27 सितंबर), गुवाहाटी (30 सितंबर) और न्यू चंडीगढ़ (3 अक्टूबर) में होंगे। इसके बाद दिसंबर में भारत श्रीलंका की मेजबानी करेगा, जिसमें तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। इस सीरीज के वनडे मैच दिल्ली (13 दिसंबर), बेंगलुरु (16 दिसंबर) और अहमदाबाद (19 दिसंबर) में होंगे। वहीं, जनवरी 2027 में जिम्बाब्वे भारत दौरे पर आएगा और तीन वनडे मुकाबले कोलकाता (3 जनवरी), हैदराबाद (6 जनवरी) और मुंबई (9 जनवरी) में खेलेंगे। इन सभी मैचों में विराट और रोहित की उपस्थिति की संभावना है।
वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी
वनडे वर्ल्ड कप 2027 साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेला जाएगा। इन 9 वनडे मैचों के जरिए भारतीय टीम विश्व कप के लिए अपनी तैयारी को और मजबूत करना चाहेगी। वर्तमान फॉर्म को देखकर यह साफ है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा आगामी वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का अहम हिस्सा होंगे। अब फैंस की निगाहें इस साल खेले जाने वाले घरेलू वनडे मुकाबलों पर टिकी हैं और देखना होगा कि इन दोनों दिग्गजों का प्रदर्शन कैसा रहता है।
