प्रेमी संग रहने की चाह में पति की हत्या! नशा देकर घोंटा गला, पत्नी ने पुलिस के सामने कबूला जुर्म

पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक विवाहित महिला पर अपने प्रेमी के साथ रहने की चाह में पति की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, महिला ने पहले पति को नशा दिया और फिर देर रात गला घोंटकर उसकी जान ले ली। घटना का खुलासा तब हुआ जब बच्चों ने पिता को मृत अवस्था में देखा और रोने लगे। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

छत पर सो रहे पति की देर रात कर दी हत्या

माधोटांडा थाना क्षेत्र के लोहरपुरी गांव निवासी 40 वर्षीय उमाशंकर शुक्रवार रात घर की छत पर सो रहे थे। आरोप है कि उनकी पत्नी ममता ने पहले उन्हें नशा दिया। इसके बाद रात करीब 2:30 बजे गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान महिला ने हत्या करने की बात स्वीकार की। उसका कहना है कि पति उसे खर्च के लिए पैसे नहीं देता था, इसलिए उसने यह कदम उठाया।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2024 में दंपती अपने दो बच्चों के साथ गुजरात में काम करते थे। इसी दौरान महिला का किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम प्रसंग हो गया था। चर्चा यह भी है कि महिला ने उस व्यक्ति से दूसरा विवाह भी कर लिया था। इसके बाद पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस का मानना है कि इसी विवाद और प्रेम संबंध के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।

दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा 18 वर्ष का और एक बेटी 12 वर्ष की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

 

Related posts