लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए के सहयोगी दलों के बीच सीटों को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा सीट पर निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री संजय निषाद और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर की दावेदारी को लेकर सियासी टकराव सामने आया है। दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी से एनडीए के भीतर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
संजय निषाद बोले- अतरौलिया सीट निषाद पार्टी की थी और रहेगी
निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने इशारों-इशारों में ओमप्रकाश राजभर को जवाब देते हुए अतरौलिया सीट पर अपनी पार्टी का दावा दोहराया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अतरौलिया विधानसभा सीट निषाद पार्टी की थी, है और रहेगी। संजय निषाद ने यह भी कहा कि यदि किसी को इस बारे में कोई गलतफहमी है तो उसे दूर कर दिया जाएगा।
2027 से पहले NDA में सीटों को लेकर बढ़ सकती है खींचतान
अतरौलिया सीट पर दो सहयोगी दलों की दावेदारी ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए के अंदर सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा तेज कर दी है। दोनों दलों के प्रमुख नेताओं के कैबिनेट मंत्री होने के कारण यह मामला और अहम हो गया है। फिलहाल इस सीट को लेकर दोनों पक्षों के बीच दावेदारी सामने आ चुकी है। आने वाले दिनों में यह टकराव किस दिशा में जाता है, इस पर राजनीतिक नजरें रहेंगी।
