12वीं पास युवाओं के लिए गुजरात पुलिस में 3000 नौकरियां! कांस्टेबल से ड्राइवर मैकेनिक तक भर्ती, 26 नवंबर से आवेदन शुरू

नई दिल्ली: पुलिस की वर्दी पहनने का सपना देख रहे 12वीं पास युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर आया है। गुजरात पुलिस भर्ती बोर्ड (GPRB) ने पुलिस विभाग में क्लास-3 के कुल 3,000 पदों पर सीधी भर्ती निकाली है। इसमें लोकरक्षक कैडर के कांस्टेबल और तकनीकी कैडर के पद शामिल हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 26 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तारीख 16 दिसंबर 2026 रात 11:59 बजे निर्धारित की गई है।

किस पद पर कितनी भर्तियां?

गुजरात पुलिस भर्ती बोर्ड ने तीन अलग-अलग भर्ती नोटिफिकेशन के तहत कुल 3,000 पदों का विवरण जारी किया है। इनमें 2,841 पद लोकरक्षक कैडर और 159 पद तकनीकी कैडर के हैं।

पद का नामरिक्तियां
अनआर्म्ड पुलिस कांस्टेबल (UPC)1,000
आर्म्ड पुलिस कांस्टेबल (APC)1,000
आर्म्ड पुलिस कांस्टेबल (SRPF)841
हेड कांस्टेबल ड्राइवर मैकेनिक (ग्रेड-2)133
मोटर ट्रांसपोर्ट सुपरवाइजर (ग्रेड-2)26
कुल पद3,000

नियमों के मुताबिक, प्रत्येक कैडर के लिए उम्मीदवारों को अलग-अलग ऑनलाइन आवेदन फॉर्म जमा करना होगा।

क्या है शैक्षणिक योग्यता?

लोकरक्षक कैडर के अनआर्म्ड पुलिस कांस्टेबल, आर्म्ड पुलिस कांस्टेबल और एसआरपीएफ कांस्टेबल पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना अनिवार्य है।

वहीं, तकनीकी कैडर के हेड कांस्टेबल ड्राइवर मैकेनिक और मोटर ट्रांसपोर्ट सुपरवाइजर पदों के लिए 12वीं पास होने के साथ तकनीकी योग्यता भी जरूरी है। इसके लिए सरकारी मान्यता प्राप्त संस्थान से मोटर मैकेनिक व्हीकल ट्रेड में सर्टिफिकेट और एक साल की अप्रेंटिसशिप होनी चाहिए। इसके विकल्प के तौर पर नेशनल अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग स्कीम के तहत मोटर मैकेनिक व्हीकल ट्रेड में तीन साल का अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट भी मान्य होगा।

कैसे होगा उम्मीदवारों का चयन?

गुजरात पुलिस भर्ती में अभ्यर्थियों का चयन कई चरणों की परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। इसमें शारीरिक मानक परीक्षा (PST), शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET), दौड़, ओएमआर आधारित वस्तुनिष्ठ लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच शामिल हैं।

भर्ती बोर्ड की ओर से विस्तृत नोटिफिकेशन 26 नवंबर 2026 को जारी किया जाएगा। इसमें पदवार आयु सीमा, शारीरिक मापदंड, परीक्षा पैटर्न और अन्य जरूरी शर्तों की जानकारी दी जाएगी।

कहां और कब तक करना होगा आवेदन?

योग्य उम्मीदवार 26 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे से 16 दिसंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक गुजरात सरकार के ओजस पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के लिए आधिकारिक वेबसाइट ojas.gujarat.gov.in का इस्तेमाल करना होगा। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी गुजरात पुलिस भर्ती बोर्ड की वेबसाइट gprb.gujarat.gov.in पर भी उपलब्ध होगी।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ लें और अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर लें।

Related posts