आईपीएल में उभरे नए ‘चेज मास्टर’ श्रेयस अय्यर: रन चेज में विराट कोहली को छोड़ा पीछे, 124+ औसत से बरसा रहे रन

नई दिल्ली: क्रिकेट में रन चेज की बात आते ही जिस नाम की सबसे पहले चर्चा होती है, वह लंबे समय से विराट कोहली का रहा है। लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग के हालिया आंकड़े एक नया ट्रेंड दिखा रहे हैं। पिछले दो सीजन में लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रेयस अय्यर ने ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसने उन्हें आईपीएल का नया ‘चेज मास्टर’ बना दिया है।

आईपीएल 2024 से लेकर 16 अप्रैल को खेले गए मुंबई इंडियंस बनाम पंजाब किंग्स मुकाबले तक के आंकड़ों में अय्यर ने रन चेज में विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है।

रन चेज में कोहली से आगे निकले अय्यर

आंकड़ों के मुताबिक, इस अवधि में श्रेयस अय्यर ने 14 पारियों में 621 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन चेज करने वाले बल्लेबाज का स्थान हासिल किया है। वहीं विराट कोहली 11 पारियों में 618 रन बनाकर दूसरे नंबर पर हैं। इस सूची में तीसरे स्थान पर जोस बटलर हैं, जिन्होंने 11 पारियों में 549 रन बनाए हैं। इसके अलावा प्रभसिमरन सिंह भी टॉप खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिनके नाम 14 पारियों में 500 रन दर्ज हैं।

औसत और स्ट्राइक रेट में भी कमाल

श्रेयस अय्यर का प्रदर्शन सिर्फ रन बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके आंकड़े बेहद प्रभावशाली हैं। आईपीएल 2024 के बाद से रन चेज में उन्होंने 124.20 की शानदार औसत से 621 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 173.5 का रहा है, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाता है।

इन 14 पारियों में अय्यर ने 7 अर्धशतक लगाए हैं और उनके बल्ले से 45 चौके और 39 छक्के निकले हैं, जो उन्हें सबसे खतरनाक चेज बल्लेबाजों में शामिल करता है।

लगातार तीन अर्धशतकों से फॉर्म में अय्यर

मौजूदा सीजन में भी श्रेयस अय्यर का बल्ला जमकर बोल रहा है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ उन्होंने 35 गेंदों में 66 रन की मैच जिताऊ पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 4 छक्के शामिल थे।

इससे पहले भी उन्होंने लगातार दो मैचों में अर्धशतक जड़कर टीम को जीत दिलाई थी। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उन्होंने 29 गेंदों में 50 रन बनाए, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 33 गेंदों में नाबाद 69 रन की पारी खेली।

खास बात यह है कि ये तीनों अर्धशतक रन चेज के दौरान आए हैं, जिससे उनकी ‘फिनिशर’ के तौर पर भूमिका और मजबूत हुई है।

इस सीजन भी शानदार फॉर्म में बल्लेबाजी

मौजूदा आईपीएल सीजन में श्रेयस अय्यर ने अब तक 5 मैचों में 4 पारियां खेलते हुए 67.66 की औसत से 203 रन बनाए हैं। उनका लगातार प्रदर्शन टीम के लिए अहम साबित हो रहा है और वह मैच विनर की भूमिका निभा रहे हैं।

कुल मिलाकर, आंकड़े साफ संकेत दे रहे हैं कि आईपीएल में रन चेज की परिभाषा बदल रही है और श्रेयस अय्यर इस बदलाव के सबसे बड़े चेहरा बनकर उभरे हैं।

Related posts