रूस में भूकंप के बाद सुनामी से सेवेरो- कुरिल्स्क शहर तबाह

समुद्र में उठी तीन से चार मीटर तक ऊंची लहरों को देख लोगों की कांप गई रूह

मॉस्को / वाशिंगटन/टोक्यो । रूस के कामचटका प्रायद्वीप में शक्तिशाली भूकंप के बाद आई सुनामी ने सेवेरो – कुरिल्स्क शहर को तबाह कर दिया। समुद्र में उठी तीन से चार मीटर तक ऊंची लहरों को देख लोगों की रूह कांप गई। इस दौरान कामचटका क्षेत्र में एक किंडरगार्टन क्षतिग्रस्त हो गया। इस भूकंप के असर से अमेरिका से लेकर जापान तक सुनामी की चेतावनी जारी की गई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश के प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। द मॉस्को टाइम्स के अनुसार रूसी अधिकारियों ने कहा कि सुनामी ने बंदरगाह शहर सेवेरो- कुरिल्स्क को पूरी तरह तबाह कर दिया है। कामचटका प्रायद्वीप के एलिजोव्स्की जिले में तीन से चार मीटर ऊंची लहरों ने बड़ा नुकसान पहुंचाया है।

शहर की इमारतें समुद्री पानी में डूब गई। अधिकारियों ने कहा कि लगभग 2,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। सरकारी मीडिया के अनुसार भूकंप से रूस में कई लोग घायल हुए हैं, लेकिन उनमें से किसी की भी हालत गंभीर नहीं है। सखालिन क्षेत्र के अधिकारियों ने उत्तरी कुरील द्वीप समूह में आपातकाल घोषित किया है।रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास के अनुसार कामचटका के गवर्नर सोलोदोव ने कहा कि भूकंप के तेज झटकों से एक किंडरगार्टन क्षतिग्रस्त हो गया। अच्छी बात यह रही कि उस समय कोई भी बच्चा या कर्मचारी अंदर नहीं था । जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार भूकंप के केंद्र से लगभग 160 मील (257.5 किमी) दक्षिण-पश्चिम में बुधवार सुबहउत्तरी जापान के होक्काइडो तट पर पहली सुनामी लहरें आईं। कई अन्य देशों में भी सुनामी की चेतावनी जारी की गई है।

यह भी पढ़ें : दुनिया के किसी नेता ने आपरेशन सिंदूर रोकने के लिए नहीं कहा -नरेंद्र मोदी

Related posts