आगरा: ताजमहल घूमने आई अर्जेंटीना की एक महिला पर्यटक के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस की महिला सिपाही मददगार साबित हुईं। स्काई ब्लू रंग की साड़ी पहनकर स्मारक देखने पहुंची पर्यटक की साड़ी बार-बार खुलने लगी, जिससे वह असहज महसूस कर रही थीं। यह देख ताज सुरक्षा में तैनात महिला आरक्षी गुड्डी देवी ने आगे बढ़कर उनकी साड़ी ठीक से पहनाई और उसे संभालने का सही तरीका भी बताया।
पश्चिमी गेट पर हुई घटना
मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे ताजमहल के पश्चिमी गेट पर अर्जेंटीना से आए पर्यटकों का एक दल भ्रमण के लिए पहुंचा था। इसी दौरान महिला पर्यटक की साड़ी खुलने लगी। स्थिति को देखते हुए महिला आरक्षी गुड्डी देवी ने तुरंत मदद की और साड़ी की प्लेट्स बनाकर उसे व्यवस्थित तरीके से पहनाया।
‘थैंक्यू यूपी पुलिस’ कहकर जताया आभार
साड़ी ठीक होने के बाद विदेशी महिला पर्यटक ने गुड्डी देवी से हाथ मिलाया और मुस्कुराते हुए कहा, “थैंक्यू यूपी पुलिस।” उन्होंने भारतीय पारंपरिक परिधान की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें साड़ी पहनना बेहद पसंद है और यह भारत की खूबसूरत सांस्कृतिक पहचान है।
साड़ी पहनने का तरीका भी समझाया
महिला आरक्षी गुड्डी देवी ने पर्यटक को साड़ी की प्लेट्स बनाने, पल्लू सही तरीके से रखने और आरामदायक ढंग से पहनने की पूरी जानकारी दी। इस दौरान विदेशी पर्यटकों ने भी साड़ी पहनने और उसे संभालने से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने विस्तार से जवाब दिया।
स्मृति के तौर पर खिंचवाई तस्वीरें
गुड्डी देवी ने बताया कि वह ड्यूटी के अलावा अक्सर साड़ी पहनती हैं और कई बार वर्दी वाली साड़ी में भी ड्यूटी करती हैं। घटना के बाद विदेशी पर्यटक ने पुलिस टीम के साथ स्मृति स्वरूप तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस दौरान दरोगा शिवराज सिंह, हेड कांस्टेबल किरण पाल सिंह, सिपाही दुर्गेश कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।
