मिशन 2027 की तैयारी तेज, लखनऊ में आज बसपा सुप्रीमो मायावती की अहम बैठक, संगठन को मिलेंगे नए दिशा-निर्देश

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती आज लखनऊ में संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक करने जा रही हैं। इस बैठक में प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के साथ-साथ सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों के अध्यक्षों को बुलाया गया है।

प्रदेश से लेकर बूथ तक की तैयारी की होगी समीक्षा
बैठक में मायावती 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर अब तक की गई संगठनात्मक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करेंगी। बसपा लंबे समय से जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुटी हुई है। पहले ही जिलों और विधानसभा क्षेत्रों की इकाइयों को संगठन विस्तार, सक्रिय कार्यकर्ताओं की तैनाती और मतदाता सूची में समर्थकों के नाम जोड़ने जैसे अहम कार्य सौंपे जा चुके हैं।

भाईचारा कमेटियों की भूमिका पर भी होगा फोकस
पार्टी की रणनीति के तहत गठित भाईचारा कमेटियों को दिए गए दायित्वों की भी समीक्षा की जाएगी। बैठक में मायावती यह जानेंगी कि विभिन्न वर्गों तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने के लिए अब तक क्या प्रयास हुए हैं और किन क्षेत्रों में और मजबूती की जरूरत है।

कोर वोट बैंक और सोशल इंजीनियरिंग पर विशेष जोर
सूत्रों के मुताबिक बैठक में बसपा सुप्रीमो अपने पारंपरिक कोर वोट बैंक को सहेजने की रणनीति के साथ सोशल इंजीनियरिंग पर भी विस्तार से चर्चा करेंगी। पार्टी नेतृत्व का फोकस सभी वर्गों को साथ जोड़कर मजबूत राजनीतिक आधार तैयार करने पर है।

ब्राह्मण वोटरों को जोड़ने की रणनीति पर मिल सकते हैं निर्देश
इस बार बसपा ब्राह्मण मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने पर भी विशेष जोर दे रही है। बैठक में इस दिशा में संगठन को नए और स्पष्ट निर्देश दिए जाने की संभावना है, ताकि 2027 के चुनावों में पार्टी को व्यापक समर्थन मिल सके।

Related posts