ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पीएम मोदी ने अल्बानीज से की मुलाकात, CEO फोरम में बोले- वैश्विक चुनौतियों का मिलकर करेंगे सामना

मेलबर्न: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तीन देशों के विदेश दौरे के दूसरे चरण में ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, निवेश, शिक्षा, जनसंपर्क और उभरती प्रौद्योगिकियों समेत कई अहम विषयों पर चर्चा हुई। मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम और आर्थिक रोडमैप बिजनेस रिसेप्शन में भी भाग लिया।

सीईओ फोरम में साझेदारी मजबूत करने पर दिया जोर

भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज दुनिया अनिश्चितता, आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान और ऊर्जा संकट जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में भारत और ऑस्ट्रेलिया का भरोसेमंद साझेदार के रूप में साथ आगे बढ़ना केवल स्वाभाविक ही नहीं, बल्कि अत्यंत आवश्यक भी है। प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के बीच आर्थिक और औद्योगिक सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

भारतीय समुदाय ने किया गर्मजोशी से स्वागत

ऑस्ट्रेलिया पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर दोनों देशों की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाले कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। समारोह में ऑस्ट्रेलियन-इंडिया ऑर्केस्ट्रा द्वारा प्रस्तुत ‘मां तुझे सलाम’ विशेष आकर्षण रहा। प्रधानमंत्री ने इस प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि संगीत दोनों देशों के लोगों को जोड़ने का सशक्त माध्यम है और यह वंदे मातरम् की वैश्विक लोकप्रियता को भी दर्शाता है।

डिजेरिडू और तबले की जुगलबंदी ने खींचा ध्यान

प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के पारंपरिक वाद्य यंत्र डिजेरिडू और भारत के तबले की संयुक्त प्रस्तुति भी देखी। उन्होंने कहा कि दोनों प्राचीन वाद्य यंत्रों की सुरमयी संगति भारत और ऑस्ट्रेलिया के गहरे सांस्कृतिक संबंधों की सुंदर झलक पेश करती है। प्रधानमंत्री ने प्रस्तुति देने वाले कलाकारों की भी सराहना की।

ऑस्ट्रेलिया के बाद न्यूजीलैंड जाएंगे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले अपने तीन देशों के दौरे के पहले चरण में इंडोनेशिया की यात्रा पूरी कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि ऑस्ट्रेलिया दौरा रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार, निवेश, शिक्षा, जनसंपर्क, उभरती प्रौद्योगिकी, खेल और खेल विज्ञान जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऑस्ट्रेलिया में कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री अपने दौरे के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे।

 

Related posts