पीडीए की सरकार बनेगी, 2027 में जनता भाजपा को सत्ता से करेगी बेदखल -अखिलेश यादव

सपा अध्यक्ष ने पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

लखनऊ । सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में सपा के नेतृत्व में पीडीए (पिछड़ा-दलित- अल्पसंख्यक) की सरकार बनना तय है। उन्होंने ऐलान किया कि अगली सरकार सामाजिक न्याय पर आधारित होगी, जहां सबको सम्मान और न्याय मिलेगा। उन्होंने भाजपा पर पीडीए वर्ग का शोषण करने, उनका आरक्षण छीनने और योजनावद्ध ढंग से अपमानित करने का आरोप लगाया।

अखिलेश ने पार्टी मुख्यालय में प्रदेश भर से आये कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उप्र में महा – अन्याय राज चल रहा है। सत्ता संरक्षण में अपराधी खुलेआम घटनाएं कर रहे हैं और पुलिस व सत्ता का गठजोड़ जाति के आधार पर लोगों की हत्याएं करवा रहा है। मुख्यमंत्री को अव यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि प्रदेश की बागडोर अपराधियों के हाथ में चली गई है। सपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना दी।

उन्होंने याद दिलाया कि सपा सरकार में बने पुलिस मुख्यालय की तारीफ स्वयं कपिल देव जैसे दिग्गज ने की, जिन्होंने पूरी दुनिया देखी है और जिन्हें ईमानदारी की मिसाल माना जाता है। लखनऊ को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में सपा सरकार की बड़ी भूमिका रही। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, सड़कों का चौड़ीकरण, दुग्ध उद्योग को प्रोत्साहन सब कुछ सपा सरकार की देन है, जिसे भाजपा ने बर्बाद कर दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने किसानों को धोखा दिया। गेहूं खरीद में घोटाले हो रहे हैं, और आढ़तियों के माध्यम से उद्योगपतियों के लिए गेहूं सस्ते दामों पर खरीदवाया जा रहा है। भाजपा का हर स्तर पर षड्यंत्र जारी है, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है। 2027 में जनता इस कुशासन का अंत करेगी। इस मौके पर सांसद आरके चौधरी, पूर्व कैविनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, आजमगढ़ के विधायक आलम बदी और संग्राम यादव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : पूर्वांचल व बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर राहगीरों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं देने का माध्यम बनेंगे ‘ई-वे हब’

Related posts