जकार्ता: इंडोनेशिया के बोर्नियो द्वीप से एक दर्दनाक विमानन हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी आठ लोगों की मौत हो गई। इंडोनेशियाई अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की।
बताया गया है कि हेलीकॉप्टर दो पाम ऑयल प्लांटेशन के बीच उड़ान भर रहा था, तभी यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद इलाके में राहत और बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया।
उड़ान के पांच मिनट बाद टूटा संपर्क
जानकारी के अनुसार, एयरबस H130 मॉडल का यह हेलीकॉप्टर PT मैथ्यू एयर नुसंतारा कंपनी का था। यह गुरुवार को वेस्ट कलिमंतान प्रांत के मेलावी जिले से उड़ान भरकर कुबु राया जिले की ओर जा रहा था। उड़ान भरने के महज पांच मिनट बाद ही हेलीकॉप्टर का संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया, जिससे आशंका बढ़ गई थी।
घने जंगलों में मिला मलबा
नेशनल सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी और परिवहन मंत्रालय की संयुक्त टीमों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। बाद में सेकाडाऊ जिले के घने जंगलों में हेलीकॉप्टर का मलबा बरामद किया गया। टीमों ने मलबे से दो क्रू मेंबर्स और छह यात्रियों के शव बरामद किए।
विदेशी नागरिक भी था सवार
अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में मारे गए लोगों में एक मलेशियाई नागरिक भी शामिल है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और तकनीकी पहलुओं की पड़ताल जारी है।
इंडोनेशिया में लगातार होते रहते हैं ऐसे हादसे
करीब 27 करोड़ की आबादी वाला इंडोनेशिया दुनिया के सबसे बड़े द्वीपसमूह देशों में से एक है। यहां परिवहन से जुड़े हादसे अक्सर सामने आते रहते हैं, जिनमें हवाई जहाज और हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं के साथ-साथ फेरी डूबने की घटनाएं भी शामिल हैं।
