पत्नी और मकान मालिक को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था पति, कुछ दिन बाद तेजाब पिलाने का आरोप; बरेली में इलाज के दौरान मौत

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में एक 35 वर्षीय व्यक्ति की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत के बाद सनसनीखेज आरोप सामने आए हैं। मृतक के परिवार का दावा है कि पत्नी और मकान मालिक के कथित संबंधों का विरोध करने के बाद उसे पकड़कर जबरन तेजाब पिला दिया गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पत्नी और मकान मालिक को कथित आपत्तिजनक हालत में देखा था

मामला बारादरी थाना क्षेत्र के चक महमूद का है। मृतक की पहचान इस्माइल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, इस्माइल के भाई ताजिम ने थाने में शिकायत देकर उसकी पत्नी गौसिया, उसके कथित प्रेमी सलीम और दो अन्य लोगों अंसार व इकरार पर हत्या का आरोप लगाया है।

शिकायत में बताया गया है कि इस्माइल अपनी पत्नी गौसिया के साथ कांकर टोला में किराए के मकान में रहता था। परिवार का आरोप है कि इस्माइल के विरोध के बावजूद गौसिया के मकान मालिक सलीम से करीबी संबंध थे।

27 जुलाई की घटना के बाद बढ़ गया था विवाद

परिवार के मुताबिक, 27 जुलाई को इस्माइल ने कथित तौर पर अपनी पत्नी गौसिया और मकान मालिक सलीम को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद उसने पत्नी के साथ किराए का मकान छोड़ दिया था।

परिजनों का कहना है कि मकान छोड़ने के बाद भी गौसिया और सलीम की मुलाकातें जारी रहीं। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा था। परिवार का आरोप है कि इसी विवाद ने बाद में खौफनाक मोड़ ले लिया।

चार लोगों पर जबरन तेजाब पिलाने का आरोप

मृतक के भाई की शिकायत के अनुसार, बृहस्पतिवार रात गौसिया, सलीम, अंसार और इकरार ने कथित तौर पर इस्माइल को पकड़ लिया। आरोप है कि चारों ने उसे जबरन तेजाब पिला दिया।

परिवार का यह भी आरोप है कि घटना के बाद आरोपी इस्माइल को अस्पताल में छोड़कर वहां से फरार हो गए। गंभीर हालत में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन शनिवार रात उसकी मौत हो गई।

सीसीटीवी और दूसरे साक्ष्यों की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस निरीक्षक विजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल और उससे जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

Related posts