नई दिल्ली: राजधानी में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान को जनआंदोलन बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। दिल्ली सरकार ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत ‘ग्रीन ड्राइव पोर्टल’ लॉन्च कर दिया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजधानी में 70 लाख पौधे लगाने के लक्ष्य को दोहराते हुए लोगों से इस अभियान का हिस्सा बनने और हरित दिल्ली के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
सरकार का कहना है कि यह पोर्टल नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने और वृक्षारोपण को आसान बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसके जरिए लोग मेगा प्लांटेशन ड्राइव के लिए स्लॉट बुक कर सकेंगे, पर्यावरण स्वयंसेवक के रूप में पंजीकरण करा सकेंगे और अपने नजदीकी सरकारी नर्सरी से मुफ्त पौधे भी प्राप्त कर सकेंगे।
पोर्टल पर मिलेंगी चार बड़ी सुविधाएं
ग्रीन ड्राइव पोर्टल के जरिए नागरिकों को चार प्रमुख सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पहली सुविधा प्लांटेशन स्लॉट बुकिंग की होगी, जिससे लोग अपनी पसंद के स्थान और समय पर पौधारोपण कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे।
दूसरी सुविधा ‘वृक्ष रथ’ सेवा के रूप में उपलब्ध होगी। इसके तहत स्कूल, कार्यालय, आवासीय सोसायटी, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और अन्य संस्थान अपने परिसर में मुफ्त पौधे उपलब्ध कराने के लिए सरकार से अनुरोध कर सकेंगे।
नजदीकी नर्सरी और पर्यावरण स्वयंसेवक बनने का भी मौका
पोर्टल की तीसरी सुविधा नर्सरी लोकेटर की होगी, जिसकी मदद से नागरिक अपने नजदीकी सरकारी नर्सरी की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और वहां से मुफ्त पौधे ले सकेंगे।
चौथी सुविधा पर्यावरण स्वयंसेवक पंजीकरण की होगी। इसके माध्यम से लोग आधिकारिक तौर पर सरकार के हरित अभियानों से जुड़ सकेंगे और वर्षभर पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों में भागीदारी निभा सकेंगे।
घर, स्कूल और छतों तक पहुंचेगा हरियाली अभियान
सरकार का कहना है कि वृक्षारोपण अभियान केवल निर्धारित स्थलों तक सीमित नहीं रहेगा। घरों, शिक्षण संस्थानों, आवासीय कॉलोनियों और छतों पर विकसित किए जाने वाले उद्यानों को भी इस अभियान का हिस्सा बनाया जाएगा। जहां भी पर्याप्त जगह उपलब्ध होगी, वहां पौधारोपण को प्रोत्साहित किया जाएगा।
देसी प्रजातियों पर रहेगा खास जोर
इस अभियान के तहत पीपल, बरगद, गूलर, नीम, अर्जुन और जामुन जैसे देशी और लंबे समय तक जीवित रहने वाले पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार का मानना है कि ये प्रजातियां पर्यावरण संरक्षण और वायु गुणवत्ता सुधारने में अधिक प्रभावी साबित होंगी।
100 ऑक्सीजन पार्क विकसित करने की तैयारी
हरित राजधानी के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली सरकार शहर के विभिन्न हिस्सों में 100 ऑक्सीजन पार्क विकसित करने की भी योजना पर काम कर रही है। इन पार्कों का उद्देश्य प्रदूषण कम करना और लोगों को बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराना है।
70 विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग प्लांटेशन जोन
सरकार के मुताबिक, ग्रीन ड्राइव पोर्टल पर राजधानी की सभी 70 विधानसभा सीटों में चिन्हित वृक्षारोपण स्थलों को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया गया है। इससे नागरिक अपनी सुविधा और स्थान के अनुसार पौधारोपण के लिए स्लॉट बुक कर सकेंगे।
