दिल्ली ट्रैफिक अलर्ट: संसद मार्च के चलते कई रास्तों पर रहेगा असर, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी; इन मार्गों से बचने की सलाह

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रस्तावित संसद मार्च को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी के मध्य क्षेत्र के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। संसद भवन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और जाम की संभावना जताते हुए लोगों से यात्रा से पहले योजना बनाने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

बिना अनुमति प्रस्तावित है संसद मार्च

दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्रस्तावित संसद मार्च के लिए किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई है। इसके बावजूद सुरक्षा के मद्देनजर संसद क्षेत्र और आसपास के इलाकों में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने और भीड़भाड़ वाले मार्गों से बचने की सलाह दी गई है।

सोनम वांगचुक और समर्थकों ने किया मार्च का आह्वान

सीजेपी और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपने समर्थकों से सोमवार को संसद मार्च में शामिल होने की अपील की है। इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देश पर स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को उनकी पत्नी गीतांजलि ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनका संदेश साझा किया, जिसमें इस मार्च को दूसरा स्वतंत्रता आंदोलन बताया गया और हिरासत को गैरकानूनी करार दिया गया।

इन प्रमुख सड़कों पर जाने से बचें

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रफी मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, मौलाना आजाद रोड, के. कामराज मार्ग, रायसीना रोड, राजेंद्र प्रसाद रोड, पार्लियामेंट स्ट्रीट, अशोका रोड, तालकटोरा रोड, पंडित पंत मार्ग और रकाबगंज गुरुद्वारा रोड पर ट्रैफिक दबाव रहने की संभावना जताई है। सांसदों और अन्य विशिष्ट व्यक्तियों के आवागमन के दौरान इन मार्गों पर समय-समय पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा।

इन चौराहों पर भी लग सकता है जाम

पुलिस ने विजय चौक, बोट क्लब, रेल भवन, सुनहरी मस्जिद, पटेल चौक, भगत सिंह चौक, प्राइम चौक, जीआरजी चौक और जलेबी चौक पर भी भारी ट्रैफिक की आशंका जताई है। लुटियंस दिल्ली स्थित कार्यालयों और व्यावसायिक क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करने की सलाह दी गई है।

वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह

यातायात बाधित होने की स्थिति में जनपथ, मानसिंह रोड, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, शांति पथ, मौलाना अबुल कलाम आजाद रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, पंचशील मार्ग, विनय मार्ग, कनॉट प्लेस का आउटर सर्किल, बाबा खड़क सिंह मार्ग, राम मनोहर लोहिया रोड, मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड, 11 मूर्ति और सरदार पटेल मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देखें

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ताजा ट्रैफिक स्थिति की जानकारी प्राप्त करें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। पीक आवर्स के दौरान संसद क्षेत्र से बचने और यात्रा की पूर्व योजना बनाने की भी सलाह दी गई है।

 

Related posts