Delhi E-Bus Expansion: राजधानी की सड़कों पर दौड़ेंगी 2800 नई ई-बसें, यात्रियों का इंतजार होगा कम

नई दिल्ली: देश की राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को और तेज, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। दिल्ली में जल्द ही 2800 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी, जिससे बसों की कुल संख्या करीब 9000 तक पहुंच जाएगी और यात्रियों का इंतजार समय भी काफी घटेगा।

ई-बसों के मामले में देश में आगे दिल्ली
दिल्ली पहले ही इलेक्ट्रिक बसों के संचालन में देश में अग्रणी बन चुकी है। अब पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत इस साल चरणबद्ध तरीके से 2800 नई ई-बसों को सड़कों पर उतारा जाएगा। इससे न केवल बसों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि परिवहन व्यवस्था और अधिक सुगम और टिकाऊ बनेगी।

हाल ही में शामिल हुईं 300 नई बसें
हाल के दिनों में दिल्ली के बस बेड़े में 300 नई इलेक्ट्रिक बसें जोड़ी गई हैं, जिससे कुल बसों की संख्या बढ़कर 6100 हो गई है। इनमें से 4338 बसें पहले से ही इलेक्ट्रिक हैं। परिवहन विभाग के अनुसार, 2800 नई बसों के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है। इनमें 1380 बसें डीटीसी को और 1420 बसें दिल्ली परिवहन विभाग को मिलेंगी।

नई बसों में अलग-अलग रूट के हिसाब से 12 मीटर लंबी बसें मुख्य सड़कों पर चलाई जाएंगी, जबकि 9 मीटर और 7 मीटर की बसें संकरी गलियों और कम चौड़े मार्गों पर संचालित होंगी। इससे यात्रियों को हर इलाके में बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

आने वाले दो साल में बड़ा विस्तार
दिल्ली सरकार ने इसके अलावा 3330 और इलेक्ट्रिक बसों की मांग केंद्र को भेजी है, जो अगले साल तक मिलने की संभावना है। इस तरह अगले दो वर्षों में कुल 6130 नई ई-बसें शामिल होने की उम्मीद है। सरकार का लक्ष्य 2029 तक बसों की संख्या बढ़ाकर 12 हजार करना और पूरे सार्वजनिक परिवहन को हरित बनाना है।

10 मिनट से कम होगा वेटिंग टाइम
फिलहाल दिल्ली में करीब 6100 बसें हैं, जिनमें से 95 प्रतिशत रोजाना सड़कों पर चलती हैं। हालांकि यात्रियों की संख्या के हिसाब से लगभग 11 हजार बसों की जरूरत है, जिसके चलते लोगों को औसतन 30 मिनट तक इंतजार करना पड़ता है। नई बसों के शामिल होने के बाद लक्ष्य है कि वेटिंग टाइम को घटाकर औसतन 10 मिनट से भी कम किया जाए और बस रूटों का बेहतर तरीके से पुनर्निर्धारण किया जाए।

इस विस्तार से जहां एक ओर प्रदूषण में कमी आएगी, वहीं दूसरी ओर दिल्ली के लोगों को तेज, किफायती और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सकेगी।

Related posts