लखनऊ : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का काफिला शुक्रवार शाम राजधानी लखनऊ में निर्धारित मार्ग से भटक गया। घटना के बाद सुरक्षा और प्रशासनिक अधिकारियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि अधिकारियों की तत्परता से काफिले को तुरंत सही रूट पर वापस लाया गया और आगे की यात्रा सुचारु रूप से पूरी कराई गई।
श्रीराम कथा से लौटते समय हुई चूक
जानकारी के मुताबिक, रक्षा मंत्री शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे जगद्गुरु रामभद्राचार्य की श्रीराम कथा में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। उनके काफिले को तय रूट के अनुसार मड़ियांव ओवरब्रिज से उतरकर इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा पार करते हुए फ्लाईओवर पर चढ़ना था।
आगे चल रहे वाहन की गलती से बदला रूट
बताया जा रहा है कि काफिले के आगे चल रहे वाहन की चूक के कारण पूरा काफिला निर्धारित मार्ग से हट गया और इंजीनियरिंग कॉलेज फ्लाईओवर की ओर जाने के बजाय टेढ़ी पुलिया की दिशा में पहुंच गया। वीवीआईपी काफिले के निर्धारित मार्ग से भटकने की सूचना मिलते ही सुरक्षा और प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल बढ़ गई।
पहले से बंद था ट्रैफिक, बढ़ी अधिकारियों की चिंता
रक्षा मंत्री के आवागमन को देखते हुए मुंशी पुलिया की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन पहले ही रोक दिया गया था। ऐसे में काफिले के अचानक टेढ़ी पुलिया पहुंचने की सूचना ने अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने यातायात प्रबंधन में हुई इस चूक पर नाराजगी भी जताई।
तत्काल हटाई गई बैरिकेडिंग, फिर सही मार्ग पर लौटा काफिला
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की। चौराहे पर लगाई गई बैरिकेडिंग हटाकर काफिले को वापस इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे की ओर मोड़ा गया। इसके बाद काफिले को निर्धारित मार्ग पर लाकर फ्लाईओवर के रास्ते आगे रवाना किया गया।
घटना के दौरान कुछ मिनटों के लिए यातायात प्रभावित रहा, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता से हालात जल्द सामान्य हो गए। इस पूरे घटनाक्रम के बाद राजधानी में वीवीआईपी रूट प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा समन्वय को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
