जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके चाचा घायल हो गए। दोनों बाइक से शादी का निमंत्रण बांटकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान शास्त्री ब्रिज पर सामने से आ रहे डंपर की चपेट में आने से बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लाइन बाजार थाना क्षेत्र के वाजिदपुर दक्षिणी निवासी सुधांशु शर्मा मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपने चाचा शरद कुमार शर्मा को बाइक पर बैठाकर खासनपुर मोहल्ले में शादी के कार्ड बांटने गए थे। कार्ड बांटने के बाद दोनों घर वापस लौट रहे थे। तभी शास्त्री ब्रिज पर सामने से आ रहे डंपर की चपेट में उनकी बाइक आ गई।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत ऑटो की व्यवस्था की और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सुधांशु शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके चाचा शरद कुमार शर्मा घायल हो गए।
21 नवंबर को होनी थी शादी
बताया जा रहा है कि शरद कुमार शर्मा की बेटी की शादी आगामी 21 नवंबर को होनी थी। इसी समारोह का निमंत्रण बांटने के लिए सुधांशु अपने चाचा के साथ निकले थे। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। जिस घर में शादी की शहनाइयां बजने की तैयारी थी, वहां अब युवक की मौत से दुख छा गया है।
