नई दिल्ली। फिल्मों के लिए वीकेंड हमेशा से कमाई का सबसे मजबूत सहारा माना जाता है और रविवार को बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ आंकड़े देखने को मिलते हैं। लेकिन जैसे ही सोमवार आता है, तस्वीर अक्सर बदल जाती है। कुछ ऐसा ही हाल इस वक्त सिनेमाघरों में चल रही बड़ी फिल्मों Border 2 और मर्दानी 3 के साथ देखने को मिला है। रविवार को शानदार कमाई करने के बाद सोमवार को दोनों फिल्मों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया।
Border 2 का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, सनी देओल स्टारर Border 2 ने 30 करोड़ रुपये के दमदार ओपनिंग कलेक्शन के साथ शुरुआत की थी। पहले हफ्ते में फिल्म ने 224.25 करोड़ रुपये कमाए, जबकि दूसरे हफ्ते में 70 करोड़ रुपये का कारोबार किया। तीसरे रविवार को फिल्म ने 7.25 करोड़ रुपये की कमाई की, लेकिन सोमवार को इसमें भारी गिरावट दर्ज की गई। मंडे को फिल्म का कलेक्शन सिर्फ 1.85 करोड़ रुपये रहा, यानी करीब 74 फीसदी की गिरावट। इसके साथ ही Border 2 का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 311.62 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
फिल्म में सनी देओल के साथ दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। Border 2 को 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था।
मर्दानी 3 का बॉक्स ऑफिस हाल
रानी मुखर्जी की चर्चित फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म मर्दानी 3 ने बॉक्स ऑफिस पर 4 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी। इसके बाद दूसरे और तीसरे दिन फिल्म ने 6 से 7 करोड़ रुपये की कमाई कर रफ्तार पकड़ ली। पहले हफ्ते के अंत तक फिल्म का कलेक्शन 26.3 करोड़ रुपये हो गया था। दूसरे रविवार को मर्दानी 3 ने 4.25 करोड़ रुपये की मजबूत कमाई की, लेकिन सोमवार को यहां भी गिरावट देखने को मिली। मंडे को फिल्म ने 1.15 करोड़ रुपये कमाए, जिसके बाद इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 37.05 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
वध 2 की कमाई भी हुई सुस्त
सिनेमाघरों में चल रही वध 2 के लिए भी वीकेंड राहत भरा रहा था। रविवार को फिल्म ने करीब 1 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। हालांकि सोमवार को इसमें 69 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। अब तक फिल्म का कुल कलेक्शन 2.66 करोड़ रुपये रहा है। इस फिल्म में संजय मिश्रा और नीना गुप्ता मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
