बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड की ओर से 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के रिजल्ट का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उम्मीद जताई जा रही है कि बोर्ड 31 मार्च 2026 तक मैट्रिक परीक्षा के परिणाम जारी कर सकता है। टॉपर्स के वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिससे साफ है कि रिजल्ट तैयार है और अब केवल आधिकारिक घोषणा बाकी है।
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र इसे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट्स interbiharboard.com और results.biharboardonline.com पर जाकर चेक कर सकेंगे। लंबे समय से नतीजों का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों के लिए यह अहम अपडेट है।
पिछले ट्रेंड से बढ़ी उम्मीद
अगर पिछले वर्षों के ट्रेंड पर नजर डालें तो बिहार बोर्ड ने बीते तीन सालों में 31 मार्च को ही 10वीं के नतीजे जारी किए हैं। वहीं 2025 में रिजल्ट 29 मार्च को घोषित किया गया था। ऐसे में इस बार भी 31 मार्च या उससे पहले रिजल्ट जारी होने की पूरी संभावना जताई जा रही है।
टॉपर्स वेरिफिकेशन के बाद जारी होता है रिजल्ट
बिहार बोर्ड ने पिछले कुछ सालों से रिजल्ट जारी करने से पहले टॉपर्स का वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया है। इस प्रक्रिया के तहत चयनित छात्रों को पटना स्थित मुख्यालय बुलाया जाता है। यहां उनका इंटरव्यू लिया जाता है और उनकी हैंडराइटिंग तक की जांच की जाती है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना खत्म की जा सके। इस पूरी प्रक्रिया के बाद ही अंतिम परिणाम घोषित किया जाता है।
इस साल 15 लाख से ज्यादा छात्रों ने दी परीक्षा
साल 2026 में बिहार बोर्ड 10वीं परीक्षा में कुल 15,12,687 छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा राज्यभर के 1,699 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा दो शिफ्टों में हुई—पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की गई।
पास होने के लिए जरूरी है न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक
बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा में प्रत्येक विषय 100 अंकों का होता है। परीक्षा में पास होने के लिए छात्रों को हर विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य है। जिन छात्रों के अंक इससे कम आते हैं, उन्हें अपना साल बचाने के लिए कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया जाता है।
