Samsung का बड़ा धमाका! लॉन्च से पहले लीक हुई Galaxy S26 FE 5G की पहली झलक, नए कैमरा डिजाइन और Exynos 2500 चिप से बढ़ी हलचल

नई दिल्ली: सैमसंग अपनी लोकप्रिय FE (फैन एडिशन) सीरीज को एक बार फिर अपग्रेड करने की तैयारी में है। कंपनी के आगामी स्मार्टफोन Galaxy S26 FE 5G को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। लॉन्च से पहले इस डिवाइस की कथित असली तस्वीर लीक हुई है, जिसमें फोन के कैमरा डिजाइन में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। माना जा रहा है कि यह स्मार्टफोन इस साल के आखिर तक बाजार में दस्तक दे सकता है।

हाल ही में यह डिवाइस वायरलेस पावर कंसोर्टियम (WPC) की लिस्टिंग में दिखाई दिया था। लिस्टिंग में फोन का मॉडल नंबर SM-S741 दर्ज किया गया है। इसी लिस्टिंग के साथ सामने आई हैंड्स-ऑन तस्वीर ने Galaxy S26 FE 5G की पहली झलक भी दिखा दी है, जिससे इसके डिजाइन से जुड़े कई अहम संकेत मिले हैं।

कैमरा डिजाइन में दिखा बड़ा बदलाव

लीक हुई तस्वीरों के मुताबिक Galaxy S26 FE 5G का ओवरऑल डिजाइन पहले जैसा ही नजर आता है, लेकिन इसके रियर कैमरा मॉड्यूल में बड़ा बदलाव किया गया है। कंपनी ने इसे स्टैंडर्ड Galaxy S26 से अलग पहचान देने की कोशिश की है। सबसे बड़ा परिवर्तन कैमरा बंप में देखा गया है, जो Galaxy S25 FE की तुलना में अधिक उभरा हुआ दिखाई देता है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, नए फोन में Galaxy Z Fold सीरीज की तरह उभरा हुआ कैमरा बंप दिया जा सकता है। कैमरा मॉड्यूल फोन के साइड और ऊपरी किनारों के ज्यादा करीब नजर आ रहा है। यही वजह है कि कुछ टेक विशेषज्ञ इसे पारंपरिक डिजाइन से अलग और थोड़ा अनोखा बता रहे हैं।

Exynos 2500 प्रोसेसर के साथ मिल सकती है दमदार परफॉर्मेंस

सामने आई जानकारी के अनुसार Galaxy S26 FE 5G में सैमसंग का नया Exynos 2500 प्रोसेसर दिया जा सकता है। इसके साथ 8GB तक रैम मिलने की संभावना जताई गई है। वहीं यह स्मार्टफोन Android 17 ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम कर सकता है, जिससे यूजर्स को लेटेस्ट फीचर्स और बेहतर अनुभव मिलने की उम्मीद है।

अगस्त-सितंबर में हो सकती है एंट्री, कीमत बढ़ने के संकेत

रिपोर्ट्स की मानें तो Galaxy S26 FE 5G को अगस्त या सितंबर के आसपास लॉन्च किया जा सकता है। पिछले साल Galaxy S25 FE का बेस वेरिएंट 59,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर पेश किया गया था। हालांकि इस बार नए Exynos 2500 चिपसेट के इस्तेमाल के चलते Galaxy S26 FE 5G की शुरुआती कीमत में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। फिलहाल कंपनी की ओर से लॉन्च डेट और कीमत को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

 

Related posts