ऑरेंज जिंजर शॉट बना रहा हेल्थ लवर्स की पहली पसंद, सीमित मात्रा में सुबह पीने से मिल सकते हैं ये बड़े फायदे

आजकल हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने वाले लोग सुबह की शुरुआत जूस शॉट्स से करना पसंद कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई तरह के हेल्दी शॉट्स ट्रेंड में हैं, जिन्हें सीमित मात्रा में लेने की सलाह दी जाती है। हालांकि हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि ज्यादा मात्रा में जूस पीना सेहत के लिए ठीक नहीं होता, क्योंकि इसमें शुगर की मात्रा अधिक होती है। बावजूद इसके अगर जूस पीने की इच्छा हो, तो बेहद कम मात्रा यानी शॉट के रूप में इसे लिया जा सकता है, बशर्ते यह घर पर ताजा तैयार किया गया हो और इसमें पोषक तत्वों से भरपूर चीजें शामिल हों। इसी कड़ी में एम्स-ट्रेंड और कैलिफोर्निया स्थित गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉक्टर सौरभ सेठी ने इंस्टाग्राम पर अपनी पसंदीदा ड्रिंक ‘ऑरेंज जिंजर शॉट’ की जानकारी साझा की है, जिसे सुबह शॉट के रूप में पीया जा सकता है।

ऑरेंज जिंजर शॉट क्यों माना जा रहा है पावरफुल

ऑरेंज जिंजर शॉट को तीन प्रमुख चीजों से तैयार किया जाता है, जिनमें संतरा, अदरक और गाजर शामिल हैं। गाजर में मौजूद बीटा-कैरोटीन एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट माना जाता है, जो इम्यून सिस्टम को मजबूत करने में मदद करता है। संतरा विटामिन C और फ्लेवोनोइड्स से भरपूर होता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फ्लेवोनोइड्स पौधों से मिलने वाले ऐसे यौगिक हैं, जिनमें एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं और ये हार्ट अटैक व स्ट्रोक के खतरे को कम करने में सहायक हो सकते हैं। वहीं अदरक में पाया जाने वाला जिंजरोल पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है और इसमें एंटीऑक्सीडेंट, एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-ट्यूमर गुण भी मौजूद होते हैं।

घर पर ऐसे तैयार करें ऑरेंज जिंजर शॉट

इस शॉट को बनाने के लिए सबसे पहले दो मीडियम गाजर छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें। इसके बाद एक संतरा छील लें और एक इंच अदरक का टुकड़ा तैयार कर लें। इन सभी सामग्रियों को जूसर में डालकर जूस निकाल लें। अगर जूसर उपलब्ध न हो तो मिक्सी का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। तैयार जूस को छानकर 3 से 4 छोटे शॉट्स में बांट लें। एक शॉट की मात्रा करीब 30 से 50 मिलीलीटर होती है।

किस समय पीना होता है ज्यादा फायदेमंद

ऑरेंज जिंजर शॉट को सुबह पीना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। इसे ताजा बनाकर पीना बेहतर होता है, हालांकि जरूरत पड़ने पर इसे फ्रिज में एक से दो दिन तक स्टोर भी किया जा सकता है। सीमित मात्रा में लिया गया यह शॉट सेहत को नुकसान पहुंचाए बिना शरीर को जरूरी पोषक तत्व देने में मदद कर सकता है।

Related posts