जानसठ (मुजफ्फरनगर)। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक प्रेम कहानी का बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला अंत सामने आया है। शादी से महज कुछ दिन पहले प्रेमी युगल ने ऐसा आत्मघाती कदम उठा लिया, जिसने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। कमरे में खुद को बंद कर युवक ने पहले प्रेमिका की गला रेतकर हत्या की और फिर खुद का गला काटकर आत्महत्या कर ली।
परिवार की मंजूरी नहीं बनी प्रेम की राह
जानसठ क्षेत्र के गांव भलवा में रहने वाले 30 वर्षीय रोहित और 28 वर्षीय प्रगति उर्फ डोली के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अनुसूचित वर्ग से थे और आमने-सामने के मकानों में रहते थे। परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया। इसी वजह से दोनों की अलग-अलग जगह शादियां तय कर दी गई थीं।
चंद दिनों में होनी थी दोनों की शादी
प्रगति की शादी दिल्ली में तय हुई थी और आठ फरवरी को उसकी बरात आने वाली थी, जबकि रोहित की शादी खतौली क्षेत्र के तिगाई गांव में 18 फरवरी को निर्धारित थी। दोनों ही अपने-अपने परिवार के फैसलों से खुश नहीं थे और यह रिश्ता तोड़ना नहीं चाहते थे।
घर में अकेली थी युवती, तभी पहुंचा प्रेमी
गुरुवार शाम करीब सवा चार बजे प्रगति घर में अकेली थी। परिवार के अन्य सदस्य शादी की तैयारियों या घरेलू कामों के चलते बाहर गए हुए थे। इसी दौरान रोहित उसके घर पहुंचा और दोनों एक कमरे में चले गए। अंदर से कुंडी बंद करने के बाद रोहित ने चाकू से प्रगति का गला रेत दिया और फिर खुद पर भी चाकू से वार कर जान दे दी।
दरवाजे के नीचे बहता खून देख मचा हड़कंप
कुछ देर बाद जब प्रगति की भाभी और बहन घर लौटीं तो कमरे के दरवाजे के नीचे से खून बहता देख उनके होश उड़ गए। शोर मचाने पर पड़ोसी पहुंचे और दरवाजा तोड़ा गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
मौके पर पहुंची पुलिस, फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी संजय कुमार वर्मा, एसपी देहात आदित्य बंसल, सीओ जानसठ और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य एकत्र किए।
गांव में पसरा मातम, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
रोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और रोडवेज में संविदा परिचालक के रूप में कार्यरत था। वहीं प्रगति गुरुग्राम में नौकरी करती थी। इस दर्दनाक घटना से दोनों परिवारों के साथ-साथ पूरे गांव में कोहराम मच गया।
पुलिस का बयान
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग में विफलता से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। प्रगति के भाई की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
