लखनऊ: उत्तर प्रदेश में गुरुवार देर रात पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। सरकार ने पांच जिलों के एसपी समेत नौ आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। तबादला सूची में मेरठ और झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अलावा संभल के एसपी कृष्ण कुमार का नाम भी शामिल है। वहीं हरदोई और बाराबंकी में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात रहे अधिकारियों को भी अब जिलों में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
इन 9 आईपीएस अफसरों के बदले जिले और पद
तबादले के तहत मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय को पुलिस मुख्यालय लखनऊ से संबद्ध किया गया है। झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति को मेरठ का नया एसएसपी बनाया गया है। सुलतानपुर की एसपी श्रीमती चारू निगम को यूपी डायल-112, लखनऊ में एसपी की जिम्मेदारी दी गई है।
गोंडा के एसपी विनीत जायसवाल को सुलतानपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। बिजनौर के एसपी अभिषेक को गोंडा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बलरामपुर के एसपी विकास कुमार को झांसी का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
संभल के एसपी कृष्ण कुमार का तबादला कर उन्हें बिजनौर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। बाराबंकी में पुलिस अधीक्षक/अपर पुलिस अधीक्षक रहे विकास चंद्र त्रिपाठी को संभल का नया एसपी बनाया गया है। वहीं हरदोई के अपर पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह को बलरामपुर का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
तीन दिन पहले 18 आईएएस अफसरों को भी मिली थी तैनाती
इससे तीन दिन पहले ही उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2024 बैच के प्रशिक्षण प्राप्त 18 आईएएस अधिकारियों को संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनाती दी थी। ये अधिकारी अभी तक सहायक मजिस्ट्रेट के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
आदित्य श्रीवास्तव को मुरादाबाद से शाहजहांपुर, नौशीन को बस्ती, शौर्य अरोड़ा को बदायूं, कुनाल रस्तोगी को गोरखपुर, अयान जैन को आजमगढ़ और शिवम कुमार को महराजगंज में संयुक्त मजिस्ट्रेट बनाया गया था।
अनिमेष वर्मा को देवरिया, अंशुल हिंदल को सुलतानपुर, शुभांशु कटियार को जौनपुर, विनोद कुमार मीना को औरैया और अर्पित कुमार को प्रयागराज में संयुक्त मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी दी गई थी।
इसके अलावा रिदम आनंद को कानपुर देहात, रमेश चंद्रा वर्मा को बलिया, जी अक्षय दीपक को कुशीनगर, तेजस को मैनपुरी, मनीषा धार्वे को झांसी, आयुष अग्रवाल को रायबरेली और अपराजिता आर्यन को लखनऊ में संयुक्त मजिस्ट्रेट बनाया गया था।
