मुंबई: टेलीविजन दर्शकों के लिए आने वाला दिसंबर मनोरंजन से भरपूर हो सकता है। जल्द ही छोटे पर्दे पर चार नए शो दस्तक देने की तैयारी में हैं। इनमें कॉमेडी रियलिटी शो से लेकर रोमांटिक और पारिवारिक कहानियों वाले सीरियल शामिल हैं। हालांकि, अभी इनकी रिलीज की आधिकारिक तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, इनकी शुरुआत दिसंबर में हो सकती है। ऐसे में सवाल है कि क्या ये नए शो पहले से टीआरपी की दौड़ में आगे चल रहे सीरियल्स को चुनौती दे पाएंगे?
लाफ्टर शेफ्स सीजन 4
कलर्स टीवी का कॉमेडी रियलिटी शो लाफ्टर शेफ्स दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ है। शुरुआत में इसे एक फिलर शो के तौर पर लाया गया था, लेकिन दर्शकों से मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद इसके तीन सीजन आ चुके हैं। अब मेकर्स इसके चौथे सीजन की तैयारी में जुटे हैं।
रिपोर्ट्स की मानें तो लाफ्टर शेफ्स का नया सीजन दिसंबर में शुरू हो सकता है। इसके तीसरे सीजन में अली गोनी और जन्नत जुबैर विजेता बने थे। शो की मेजबानी भारती सिंह करती हैं। अब देखना होगा कि चौथे सीजन में दर्शकों को कौन से नए चेहरे और मनोरंजक मुकाबले देखने को मिलते हैं।
मेरा सिंदूर
इस सूची में दूसरा नाम रोमांटिक पारिवारिक ड्रामा मेरा सिंदूर का है। शो का प्रोमो वीडियो जियो हॉटस्टार की आगामी कार्यक्रमों की सूची में शामिल है। इसका निर्देशन प्रशांत सिंह ने किया है। सीरियल में आंचल साहू और अंकित गुप्ता मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
इनके अलावा अक्षय आनंद, वैष्णवी महंत, नवीन सैनी और शोमा आकर्षण भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। फिलहाल शो की रिलीज डेट घोषित नहीं की गई है। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे दिसंबर में दर्शकों के सामने लाया जा सकता है।
अंधेरों का देवता
कलर्स टीवी पर जल्द ही अंधेरों का देवता नाम का नया सीरियल शुरू होने वाला है। यह एक फैंटेसी प्रेम कहानी होगी, जिसमें नीति टेलर और कुशाल आहूजा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
बताया जा रहा है कि इस शो का प्रसारण सप्ताहांत में हो सकता है। हालांकि, चैनल की ओर से अभी तक इसकी शुरुआत की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
तुम देना साथ मेरा सीजन 2
स्टार प्लस के सीरियल तुम देना साथ मेरा का पहला सीजन जल्द ही खत्म होने वाला है। इसकी कहानी को आगे बढ़ाते हुए मेकर्स दूसरा सीजन लेकर आ रहे हैं। नए सीजन में भी शब्बीर अहलूवालिया और श्रीति झा मुख्य किरदार निभाएंगे।
सीजन 2 का शुरुआती प्रोमो जारी किया जा चुका है। इसमें शब्बीर अहलूवालिया एक सुपरस्टार की भूमिका में दिखाई देंगे, जबकि श्रीति झा वकील का किरदार निभाएंगी। गौरतलब है कि इस सीरियल का पहला सीजन 20 अप्रैल 2026 को शुरू हुआ था।
टीआरपी के टॉप-5 शोज को मिल सकती है चुनौती
फिलहाल हिंदी टेलीविजन की टीआरपी रेस में जी टीवी का सीरियल गंगा मां की बेटियां पहले स्थान पर बना हुआ है। यह शो लंबे समय से नंबर एक की कुर्सी पर कायम है। टीआरपी सूची में दूसरे नंबर पर वसुधा, तीसरे स्थान पर तुम से तुम तक, चौथे नंबर पर नागिन 7 और पांचवें स्थान पर क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2 है।
अब चार नए शो की एंट्री के बाद मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है। खास बात यह होगी कि दर्शकों का प्यार किस शो को मिलता है और क्या इनमें से कोई नया सीरियल टीआरपी के टॉप-5 में जगह बनाने में कामयाब हो पाता है।
