परिसीमन बिल पर NDA को चाहिए 358 सांसदों का समर्थन, 322 का दावा; इन दलों पर टिकी सरकार की नजर

नई दिल्ली: संसद की विशेष बैठक से पहले महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक होने वाली संसद की बैठकों में इन विधेयकों को फिर से पेश कर सकती है। हालांकि, सरकार ने अभी तक बैठक का एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया है। पिछली बार जरूरी संख्या बल नहीं होने के कारण विधेयक लोकसभा से पारित नहीं हो पाया था। इस बार एनडीए का दावा है कि उसके पास समर्थन जुटाने की बेहतर स्थिति है, लेकिन दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा हासिल करना अब भी बड़ी चुनौती है।

लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर को समाप्त होने की संभावना है। इससे पहले संसद के मानसून सत्र में 13 अगस्त को सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। हालांकि, सत्रावसान नहीं किया गया था, ताकि इसी सत्र के दौरान विशेष बैठक बुलाकर विधेयक पर आगे की कार्यवाही की जा सके।

किरेन रिजिजू ने एक्स पर दी बैठक की जानकारी

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को प्रस्तावित है।

रिजिजू के मुताबिक, यह बैठक आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने और सदनों की कार्यवाही की जरूरतों को पूरा करने के लिए बुलाई जा रही है। यह विशेष बैठक मानसून सत्र का ही हिस्सा होगी।

लोकसभा में 358 वोटों की जरूरत, सरकार के पास 322 का दावा

लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के लिए 540 की प्रभावी सदस्य संख्या के आधार पर 358 सांसदों का समर्थन जरूरी बताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार के पास फिलहाल 322 सांसदों का समर्थन है। इस संख्या में भाजपा के साथ तेलुगु देशम पार्टी, जदयू, शिवसेना, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), जदएस, राष्ट्रीय लोकदल, जनसेना, आजसू, अपना दल, अगप, हम, एनसीपी, शिरोमणि अकाली दल और अन्य सहयोगी दल शामिल हैं। तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट के सांसदों का समर्थन भी इसमें गिना गया है।

इस हिसाब से सरकार को बहुमत के लिए 36 और सांसदों के समर्थन की जरूरत है।

शरद पवार की एनसीपी और डीएमके पर नजर

सरकार की नजर वाईएसआर कांग्रेस पार्टी और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के सांसदों पर भी है। रिपोर्ट के अनुसार, इन दलों के कुल 12 सांसदों का समर्थन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके बावजूद सरकार को 24 और सांसदों की जरूरत पड़ेगी। ऐसे में डीएमके के 22 सांसदों का समर्थन उसके लिए अहम हो सकता है।

हालांकि, डीएमके पहले ही परिसीमन के प्रस्ताव को लेकर अपनी आपत्तियां जाहिर कर चुकी है। पार्टी का कहना है कि दक्षिणी राज्यों की लोकसभा सीटों में मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रहनी चाहिए। इसके बावजूद सरकार की ओर से समर्थन जुटाने की कोशिशें जारी बताई जा रही हैं।

रिपोर्ट में सरकारी सूत्रों के हवाले से करीब 15 अतिरिक्त सांसदों के समर्थन का दावा भी किया गया है, लेकिन मौजूदा आंकड़ों में यह संख्या स्पष्ट रूप से नजर नहीं आ रही है।

विधेयक पारित हुआ तो सरकार को फायदा, गिरा तो विपक्ष पर हमला

सूत्रों के मुताबिक, महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को दोबारा पेश करने के पीछे सरकार की राजनीतिक रणनीति भी हो सकती है। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों से पहले इस मुद्दे को संसद में उठाकर सरकार विपक्ष को घेरने की कोशिश कर सकती है।

यदि विधेयक पारित हो जाता है तो सरकार इसे अपनी बड़ी उपलब्धि के तौर पर पेश कर सकती है। वहीं, विपक्ष एकजुट होकर इसे फिर से रोकता है तो सरकार उस पर महिला आरक्षण का विरोध करने का आरोप लगा सकती है। इस तरह विधेयक पर संसद में होने वाली चर्चा का असर राजनीतिक माहौल पर भी पड़ सकता है।

राज्यसभा में बहुमत जुटाना लोकसभा से आसान होने का दावा

रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार को राज्यसभा में विधेयक पारित कराने के लिए नौ अतिरिक्त सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी। सरकार को उम्मीद है कि लोकसभा में साथ आने वाले दल उच्च सदन में भी उसका समर्थन करेंगे। ऐसे में राज्यसभा में जरूरी संख्या जुटाने में ज्यादा परेशानी नहीं होने का दावा किया जा रहा है।

हालांकि, विधेयक के भविष्य का फैसला दोनों सदनों में मिलने वाले वास्तविक समर्थन पर निर्भर करेगा। फिलहाल सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा हासिल करना है।

 

Related posts