अयोध्या: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने अयोध्या मंडल की 9 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने शुक्रवार, 20 नवंबर को अयोध्या के बीकापुर में आयोजित जनसभा के दौरान प्रत्याशियों की सूची जारी की। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने की अपील की।
BSP ने इन 9 सीटों पर उतारे उम्मीदवार
आकाश आनंद ने जनसभा के मंच से अयोध्या मंडल की विभिन्न विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। घोषित सूची में अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर और बाराबंकी की सीटें भी शामिल हैं। पार्टी की ओर से घोषित उम्मीदवारों के नाम इस प्रकार हैं:
- बीकापुर – जीतेन्द्र सिंह बबलू
- कटेहरी – मारुति मिश्रा
- आलमपुर – श्रीमती केडी गौतम
- अकबरपुर – मनोज कुमार वर्मा
- जलालपुर – दयाराम राजभर
- लम्भुआ – शैलेंद्र कुमार सिंह
- सुल्तानपुर सदर – श्रीमती मधु लता वर्मा
- सुल्तानपुर – इम्तियाज़ अहमद उर्फ भुट्टो
- बाराबंकी – मोहम्मद मुबासिर
मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का दावा
जनसभा को संबोधित करते हुए आकाश आनंद ने दावा किया कि अयोध्या में लोगों का समर्थन देखकर साफ है कि जनता मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी जनसभा की तस्वीरें साझा करते हुए पार्टी को मिल रहे समर्थन का जिक्र किया। आकाश आनंद ने कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरने का आह्वान किया।
भाजपा, सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
आकाश आनंद ने मतदाताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा के समर्थन में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को भाजपा, सपा और कांग्रेस के प्रचार से प्रभावित होने के बजाय अपनी पुरानी साथी बहुजन समाज पार्टी का साथ देना चाहिए। उन्होंने पार्टी के चुनाव चिह्न हाथी का जिक्र करते हुए ईवीएम में हाथी का बटन दबाने की अपील की।
मायावती के राजनीतिक संघर्ष का किया जिक्र
अपने संबोधन में आकाश आनंद ने मायावती के राजनीतिक सफर और उनके संघर्ष को भी याद किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान ने हर व्यक्ति को एक वोट का अधिकार दिया है। इसी अधिकार की ताकत से साधारण परिवार में जन्मी मायावती मुख्यमंत्री बनीं। उन्होंने कहा कि मायावती ने कांशीराम के बताए रास्ते पर चलते हुए संघर्ष किया और चार बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनने का इतिहास रचा।
अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले पर उठाए सवाल
जनसभा के दौरान आकाश आनंद ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह उनका सम्मान करते हैं, लेकिन उन्हें खुद समझ नहीं आ रहा कि आखिर वह करना क्या चाहते हैं। उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही आकाश आनंद ने विपक्षी दलों पर हमला बोलकर बसपा के चुनावी अभियान को धार देने की कोशिश की।
