यूपी चुनाव में बीजेपी का महिला दांव! हर विधानसभा सीट पर उतारी जाएंगी महिला प्रवासी, 8 राज्यों से पहुंचीं 403 विस्तारक

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब पुरुष कार्यकर्ताओं के साथ हर विधानसभा क्षेत्र में महिला प्रवासियों को भी उतारकर जनसंपर्क अभियान चलाएगी। इसी रणनीति के तहत शुक्रवार को लखनऊ के विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवासी बैठक आयोजित की गई। इसमें आठ राज्यों से आईं 403 महिला विस्तारकों ने हिस्सा लिया।

बैठक में यूपी भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने महिला विस्तारकों को उनकी जिम्मेदारियों और चुनावी अभियान की रूपरेखा के बारे में जानकारी दी। बैठक में गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड, राजस्थान और महाराष्ट्र की महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं।

विनोद तावड़े ने कहा कि प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर महिला विस्तारकों को प्रवास के जरिए व्यापक जनसंपर्क अभियान को गति देनी है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा में महिलाएं केवल कार्यकर्ता नहीं, बल्कि पार्टी की स्टार प्रचारक हैं। वहीं, ब्रजेश पाठक ने सरकार की उपलब्धियों और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर माताओं-बहनों के बीच संवाद करने पर जोर दिया।

तीसरी बार सरकार बनाने का संकल्प

बैठक में महिला मोर्चा की राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर की पदाधिकारियों ने भी चुनावी अभियान को लेकर अपनी बात रखी। डॉ. मेधा कुलकर्णी ने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता संगठन की मजबूत कड़ी बनकर काम करेंगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमार चौधरी ने कहा कि महिलाएं भाजपा की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगी।

प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प दोहराया। बैठक में महिला कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया गया।

पंकज चौधरी बोले- चुनाव जनविश्वास और जनसंपर्क का अभियान

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि विधानसभा चुनाव केवल राजनीतिक तैयारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संगठन की सामूहिक शक्ति, जनविश्वास और जनता से संवाद का व्यापक अभियान है। उन्होंने महिला विस्तारकों से पार्टी की नीतियों और सरकार के कामकाज को लेकर लोगों के बीच पहुंचने की अपील की।

प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि महिला विस्तारकों को पार्टी के विचारों और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी है।

सीएम योगी की मां के निधन पर रखा गया मौन

बैठक की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त करने के साथ हुई। उपस्थित पदाधिकारियों और महिला कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। साथ ही मुख्यमंत्री और उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य और शक्ति मिलने की कामना की।

पीएम मोदी के लखनऊ दौरे को लेकर भी तैयारियां

इसी बीच शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लखनऊ पहुंच रहे हैं। उनके स्वागत के लिए अमौसी एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक वीवीआईपी मार्ग को सजाया गया है। रास्ते में स्कूली बच्चे तिरंगा लेकर प्रधानमंत्री का अभिनंदन करेंगे, जबकि लोक कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। प्रधानमंत्री कौशल दीक्षांत समारोह-2026 में शामिल होंगे।

Related posts