रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में दो पत्नियों के साथ पति के रहने को लेकर पंचायत का चर्चित फैसला महज एक सप्ताह भी नहीं टिक सका। पंचायत ने विवाद सुलझाने के लिए पति को दोनों पत्नियों के साथ तीन-तीन दिन रहने और सातवें दिन अपनी इच्छा से किसी एक के साथ रहने का फैसला सुनाया था। अब छोटी पत्नी घर छोड़कर चली गई है। वह अपनी छोटी बेटी को साथ ले गई, जबकि बड़ी बेटी को रास्ते में छोड़ देने की बात सामने आई है। फिलहाल मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है।
एक हफ्ते पहले पंचायत ने सुनाया था फैसला
मामला रामपुर जिले के दढ़ियाल चौकी क्षेत्र का है। पारिवारिक विवाद बढ़ने के बाद पिछले सप्ताह पंचायत बुलाई गई थी। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद पंचायत ने फैसला दिया था कि पति पहली और दूसरी पत्नी के साथ बारी-बारी से तीन-तीन दिन रहेगा। सप्ताह का एक दिन वह अपनी इच्छा के अनुसार किसी भी पत्नी के साथ बिता सकेगा। उस समय तीनों पक्षों ने इस व्यवस्था पर सहमति जताई थी।
पहली शादी के 10 साल बाद की थी दूसरी शादी
जानकारी के अनुसार युवक की पहली शादी करीब 14 वर्ष पहले उत्तराखंड की एक युवती से हुई थी। इस दंपति की दो बेटियां हैं। बेटे की इच्छा में युवक ने पहली शादी के लगभग 10 वर्ष बाद दूसरी शादी कर ली। बताया गया कि दूसरी शादी से पहले उसने पहली पत्नी की सहमति नहीं ली थी।
हालांकि शुरुआत में पहली पत्नी ने इसका विरोध नहीं किया, लेकिन समय के साथ विवाद बढ़ता गया।
दूसरी पत्नी से भी हुईं दो बेटियां
दूसरी शादी के बाद भी युवक की बेटे की इच्छा पूरी नहीं हुई। दूसरी पत्नी से भी उसे दो बेटियां हुईं। आरोप है कि इसके बाद पति अधिकतर समय दूसरी पत्नी के साथ रहने लगा, जिससे पहली पत्नी की उपेक्षा होने लगी। आर्थिक परेशानियां भी बढ़ीं और इसी वजह से मामला पंचायत तक पहुंच गया।
छोटी पत्नी बेटी को लेकर चली गई
पंचायत के फैसले के एक सप्ताह बाद ही यह व्यवस्था टूट गई। जानकारी के अनुसार छोटी पत्नी रविवार को घर से बिना किसी को बताए चली गई। वह अपनी छोटी बेटी को साथ ले गई, जबकि बड़ी बेटी को रास्ते में छोड़ दिया।
पति का कहना है कि उसने पत्नी की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
पुलिस को नहीं दी गई कोई शिकायत
घटना के बावजूद पति या परिवार की ओर से पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। दढ़ियाल पुलिस चौकी प्रभारी ब्रजेश कुमार जैसवाल ने कहा कि यदि इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त होती है तो जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
