नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। चुनाव आयोग की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, अब तक राजधानी के 93 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं। आयोग का लक्ष्य सभी पात्र मतदाताओं तक पहुंचकर मतदाता सूची को अद्यतन करना है।
दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी द्वारा 12 जुलाई की रात 8 बजे तक जारी आंकड़ों के मुताबिक, तीसरे चरण के तहत अब तक 1,35,45,954 एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं। दिल्ली में कुल 1.45 करोड़ से अधिक मतदाता हैं, जिनमें से 93.35 प्रतिशत तक फॉर्म पहुंच चुके हैं।
डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने का काम भी शुरू
फॉर्म वितरण के साथ-साथ उन्हें डिजिटल रूप से दर्ज करने की प्रक्रिया भी जारी है। अब तक 11,15,950 फॉर्म कंप्यूटर प्रणाली में दर्ज किए जा चुके हैं, जो कुल फॉर्म का 7.69 प्रतिशत है।
इन जिलों में सबसे तेज रहा फॉर्म वितरण
फॉर्म वितरण के मामले में पश्चिमी दिल्ली सबसे आगे रहा, जहां 96.99 प्रतिशत मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचाए गए। इसके बाद दक्षिणी दिल्ली में 96.45 प्रतिशत और उत्तर-पूर्वी दिल्ली में 96.41 प्रतिशत मतदाताओं तक फॉर्म वितरित किए गए।
डिजिटाइजेशन में इन जिलों ने बनाई बढ़त
डिजिटल एंट्री के काम में आउटर नॉर्थ जिला सबसे आगे है, जहां 17.75 प्रतिशत फॉर्म दर्ज किए जा चुके हैं। इसके बाद दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में 11.28 प्रतिशत और सेंट्रल नॉर्थ जिले में 9.66 प्रतिशत फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है।
इस तरह पूरी की जा रही प्रक्रिया
चुनाव अधिकारियों के अनुसार, पहले चरण में प्रत्येक पात्र मतदाता तक फॉर्म पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके बाद भरे हुए फॉर्म एकत्र कर उन्हें डिजिटल रिकॉर्ड में शामिल किया जाएगा।
बूथ लेवल अधिकारी प्रत्येक मतदाता को फॉर्म की दो प्रतियां उपलब्ध करा रहे हैं। इनमें एक प्रति रसीद के रूप में मतदाता अपने पास रखता है, जबकि दूसरी भरकर संबंधित अधिकारी को जमा करनी होती है। इच्छुक मतदाता ऑनलाइन माध्यम से भी अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं।
7 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
चुनाव आयोग ने बताया कि सत्यापन और संशोधन की पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर को प्रकाशित किए जाने की संभावना है। आयोग ने सभी मतदाताओं से समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराने और अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
