पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर को श्रद्धांजलि, यशवंत सिंह बोले- आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के प्रेरणास्रोत हैं उनके विचार

लखनऊ: लोकतंत्र सेनानी कल्याण समिति की ओर से आयोजित स्मृति सभा में देश के पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर समिति के संरक्षक एवं पूर्व मंत्री यशवंत सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर के विचार आज भी आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत हैं।

बुधवार को चंद्रशेखर चबूतरा पर आयोजित कार्यक्रम में यशवंत सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर केवल विचारों के नेता नहीं थे, बल्कि जो कहते थे, उसी को अपने जीवन में उतारते थे। उनका लक्ष्य आत्मनिर्भर, समृद्ध और मजबूत भारत का निर्माण था। उनका मानना था कि स्वदेशी के मार्ग पर चलकर ही देश को वास्तविक विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है और उन्होंने जीवनभर इसी विचारधारा का पालन किया।

उन्होंने कहा कि भले ही चंद्रशेखर आज हमारे बीच शारीरिक रूप से मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनके विचार आज भी समाज और राष्ट्र को दिशा देने का काम कर रहे हैं। उनके आदर्शों और सिद्धांतों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

दलीय राजनीति से ऊपर था चंद्रशेखर का व्यक्तित्व

स्मृति सभा को संबोधित करते हुए विभिन्न वक्ताओं ने कहा कि चंद्रशेखर का व्यक्तित्व दलगत राजनीति की सीमाओं से कहीं ऊपर था। यही कारण है कि उनकी स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में विभिन्न विचारधाराओं से जुड़े लोग एक मंच पर एकत्र हुए। वक्ताओं ने कहा कि इस आयोजन के लिए यशवंत सिंह का प्रयास सराहनीय है।

कार्यक्रम को विश्व हिंदू परिषद के संगठन मंत्री विजय प्रताप, रिपब्लिक पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव उमाशंकर, पूर्व विधायक मदन गोविंद राव, कुबेर भंडारी, गोरखपुर विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष विभ्राट कौशिक तथा लोकतंत्र सेनानी कल्याण समिति के संयोजक धीरेन्द्र नाथ श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया।

इन लोगों ने भी दी श्रद्धांजलि

स्मृति सभा में पूर्व मंत्री गौरी भैया की पुत्री श्रीमती शैलजा सोलंकी, वरिष्ठ पत्रकार राघवेंद्र त्रिपाठी, राधेकृष्ण, लोकतंत्र सेनानी कल्याण समिति के अध्यक्ष रामसेवक यादव, राधेलाल वाजपेई, के.डी. पाठक, आर.पी. अवस्थी, शिवशंकर उपाध्याय, जगदीश राय, चतुर्भुज सिंह, रमेश सिंह, मनोज सिंह, अर्जुन सिंह, संयोग सिंह, अमित सिंह, विजयशंकर चौबे, संजय गुप्ता, अतुल चौबे, चंचल चौबे, राहुल पाल, योगेश सिंह, अमित प्रजापति और पप्पू पाल सहित बड़ी संख्या में लोगों ने चंद्रशेखर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

 

Related posts