नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों में एक सप्ताह की सुस्ती के बाद मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। दिल्ली के लिए दो दिन का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र समेत 15 राज्यों में आगामी दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
दिल्ली-एनसीआर में दो दिन बारिश का दौर रहेगा जारी
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में पूरे दिन बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। सुबह और दोपहर के समय तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि शाम के समय बारिश फिर तेज हो सकती है। 9 जुलाई को भी बादल छाए रहने, हल्की बारिश और तापमान में गिरावट के आसार हैं। राजधानी के अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कमी दर्ज की गई है और वायु गुणवत्ता सूचकांक भी सुधरकर संतोषजनक श्रेणी में पहुंच गया है।
उत्तर प्रदेश में कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी हिस्से में 10 जुलाई तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 11 से 13 जुलाई के बीच अच्छी बारिश होने की संभावना है। कानपुर, लखनऊ सहित अवध क्षेत्र के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 13 से अधिक जिलों में वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम रहेगा खराब
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले एक सप्ताह तक मौसम खराब बना रह सकता है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 8 से 12 जुलाई के बीच आंधी, तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 8 से 13 जुलाई तक और उत्तराखंड में भी इसी अवधि के दौरान व्यापक बारिश का अनुमान है।
राजस्थान और हरियाणा में भारी बारिश की संभावना
पूर्वी राजस्थान में 8 और 9 जुलाई के दौरान भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में 9 जुलाई को भी तेज बारिश के आसार हैं। हरियाणा के गुरुग्राम, हिसार, झज्जर, भिवानी समेत पूरे प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड में भी बरसेंगे बादल
पश्चिमी मध्य प्रदेश में 9 जुलाई तक और पूर्वी मध्य प्रदेश में 11 जुलाई तक बारिश का अनुमान है। महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र और छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों, झारखंड और ओडिशा में 11 जुलाई तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। बिहार में 8 से 11 जुलाई के बीच कई इलाकों में भारी वर्षा का पूर्वानुमान है।
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से बढ़ रहा आगे
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून गुजरात के शेष हिस्सों के साथ राजस्थान और हरियाणा के बाकी क्षेत्रों की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले दो से तीन दिनों तक अरब सागर, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष इलाकों में मॉनसून की प्रगति के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी रहेंगी। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में भी भारी बारिश की संभावना है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक तेज वर्षा का दौर जारी रहने का अनुमान है।
