हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। भरमौर क्षेत्र में प्रसिद्ध बन्नी माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार पर अचानक पहाड़ी से विशाल पत्थर गिर गया। हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
कार में कुल पांच लोग सवार थे, जो धर्मशाला लौट रहे थे। हादसा भरमौर क्षेत्र में ढकोग से करीब दो किलोमीटर दूर औरा कैंची मोड़ के पास सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ, जब अचानक भूस्खलन हुआ और पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर सीधे कार पर आ गिरे।
भूस्खलन के बाद कार पर गिरा भारी पत्थर
पुलिस के अनुसार, कार में सवार श्रद्धालु बन्नी माता मंदिर में दर्शन करने के बाद वापस धर्मशाला जा रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी से भारी पत्थर गिरने से वाहन उसकी चपेट में आ गया। हादसे में धर्मशाला निवासी नवनीत की 14 वर्षीय बेटी दीक्षिता गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय लोगों और ग्राम पंचायत तुंदा के प्रधान की मदद से घायल किशोरी को तत्काल नागरिक अस्पताल भरमौर पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
दो लोग घायल, प्राथमिक उपचार के बाद मिली छुट्टी
हादसे में कार में सवार बबीता समेत एक अन्य व्यक्ति को भी मामूली चोटें आईं। दोनों घायलों का नागरिक अस्पताल भरमौर में प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत तुंदा के प्रधान पुरुषोत्तम कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर क्षतिग्रस्त कार में फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
प्रधान ने बताया कि हादसे के बाद उन्होंने अपनी निजी गाड़ी से प्रभावित परिवार के अन्य सदस्यों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था भी की।
लगातार बारिश से बढ़ा भूस्खलन का खतरा
भरमौर क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। प्रशासन ने लोगों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें और अत्यावश्यक स्थिति में ही सफर करें।
