आगरा: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी अब छोटे कारोबारियों और एमएसएमई सेक्टर की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 14 जून को आगरा पहुंचेंगे, जहां वह छोटे कारोबारियों के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे।
यह कार्यक्रम आगरा के होटल आईटीसी मुगल में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘छोटा कारोबारी-कारोबार: क्यों हो रहा बर्बाद’ रखा गया है। इस मंच के जरिए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र से जुड़े व्यापारियों और उद्यमियों की चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी।
एमएसएमई कारोबारियों से सीधा संवाद करेंगे अखिलेश
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एमएसएमई इकाई संचालकों और छोटे कारोबारियों को आमंत्रित किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी का उद्देश्य इन व्यापारियों की समस्याओं, चुनौतियों और सुझावों को सीधे सुनना है, ताकि भविष्य की नीतियों और राजनीतिक रणनीति में उन्हें शामिल किया जा सके।
अखिलेश यादव के साथ पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और प्रवक्ता प्रो. अभिषेक मिश्रा भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे और विभिन्न मुद्दों पर कारोबारियों से चर्चा करेंगे।
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी सपा
लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश में 37 सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद समाजवादी पार्टी अब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में सक्रिय हो गई है। पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।
पार्टी नेतृत्व पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को केंद्र में रखकर पीडीए फार्मूले को आगे बढ़ा रहा है। इसके साथ ही रोजगार, व्यापार और आर्थिक मुद्दों को लेकर भी जनता के बीच पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
‘विजन इंडिया’ के जरिए जनसमस्याओं पर फोकस
समाजवादी पार्टी की ओर से प्रदेशभर में ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का मकसद विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझना बताया जा रहा है।
आगरा में होने वाले आयोजन में विशेष रूप से एमएसएमई सेक्टर की स्थिति, व्यापार में आ रही चुनौतियां और छोटे उद्योगों की परेशानियों पर चर्चा होगी। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि कृषि क्षेत्र के बाद सबसे अधिक रोजगार एमएसएमई सेक्टर ही उपलब्ध कराता है, इसलिए इस क्षेत्र की समस्याओं को समझना और उठाना जरूरी है।
व्यापारियों के मुद्दों पर बनेगी आगे की रणनीति
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी विभिन्न सामाजिक और आर्थिक वर्गों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। छोटे कारोबारियों के साथ यह संवाद उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
आगरा का यह कार्यक्रम पार्टी के लिए राजनीतिक और आर्थिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां व्यापारिक वर्ग की राय और समस्याएं सीधे शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचेंगी।
