मेरठ में देसी शराब पीने से तीन मौतें, पुलिस ने किया ठेका सील, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा असली कारण

यूपी के मेरठ जिले में देसी शराब से तीन लोगों की मौत ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। जानकारी के मुताबिक, तीनों मृतक दौराला थाना क्षेत्र के एक ही गांव के निवासी थे। शराब पीने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्हें इलाज के लिए मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।

एसएसपी ने दी जानकारी, पोस्टमार्टम से होगी पुष्टि

मेरठ एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि मौत के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृतकों द्वारा पी गई शराब की खरीद और बिक्री का पता लगाया जा रहा है। प्रथम दृष्टया टैटरापैक शराब की कई पेटियां शुक्रवार को बेची गई थीं, लेकिन किसी और जगह से अनहोनी की खबर नहीं है। सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

परिजनों ने जताया गुस्सा

मृतकों के परिजन अस्पताल में हंगामा करते नजर आए। बाबूराम के बेटे सचिन ने बताया कि हालत बिगड़ने पर तीनों को टोल प्लाजा के पास निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, अंकित और जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाबूराम इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों ने जहरीली शराब का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने किया ठेका सील, जांच जारी

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी वी.के. सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे और एसपी सिटी आयुष विक्रम समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शराब के ठेके को सील कर दिया और मामले की तत्परता से जांच के आदेश दिए। प्रारंभिक जांच में मौके से चार पव्वे बरामद हुए हैं, जिनमें तीन ‘दिलकश’ और एक ‘बंटी जीरा मसाला’ ब्रांड की शराब है। आशंका है कि इसी शराब के सेवन से लोगों की हालत बिगड़ी, इसकी पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।


Related posts