देश में रसोई गैस की स्थिति और उपभोक्ताओं की बढ़ती चिंताओं के बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने अहम जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में घबराहट के कारण गैस सिलेंडर की बुकिंग में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। शनिवार 14 मार्च को देशभर में कुल 77 लाख घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग दर्ज की गई, जबकि 13 मार्च को यह संख्या 88.8 लाख तक पहुंच गई थी। इसी बीच उपभोक्ताओं को एलपीजी से पीएनजी में शिफ्ट होने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गैस कंपनियां कई आकर्षक ऑफर दे रही हैं, जिनमें फ्री गैस के साथ रजिस्ट्रेशन और सिक्योरिटी डिपॉजिट में छूट शामिल है।
PNG कनेक्शन लेने पर फ्री गैस और फीस में राहत
एलपीजी से पीएनजी में बदलाव को बढ़ावा देने के लिए अलग-अलग गैस कंपनियों ने अलग-अलग योजनाएं शुरू की हैं। दिल्ली-एनसीआर में सेवाएं देने वाली इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने घोषणा की है कि जो घरेलू उपभोक्ता 31 मार्च से पहले पीएनजी कनेक्शन लेते हैं, उन्हें 500 रुपये की फ्री गैस दी जाएगी। वहीं महानगर गैस लिमिटेड ने नए घरेलू पीएनजी कनेक्शन पर 500 रुपये का रजिस्ट्रेशन शुल्क माफ करने का फैसला किया है। इसके अलावा कंपनी कमर्शियल कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को 1 लाख से 5 लाख रुपये तक का सिक्योरिटी डिपॉजिट भी माफ कर रही है। इसी तरह गेल गैस लिमिटेड भी घरेलू पीएनजी कनेक्शन लेने वालों को 500 रुपये की फ्री गैस दे रही है। वहीं बीपीसीएल ने सभी कमर्शियल पीएनजी कनेक्शन के लिए सिक्योरिटी डिपॉजिट पूरी तरह से माफ करने की घोषणा की है।
ऑनलाइन बुकिंग बढ़ी, जमाखोरी रोकने के लिए छापेमारी
संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि एलपीजी सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पहले जहां ऑनलाइन बुकिंग की हिस्सेदारी करीब 84 प्रतिशत थी, वहीं अब यह बढ़कर लगभग 87 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने कहा कि देश में किसी भी गैस डिस्ट्रीब्यूटर के यहां सिलेंडर की कमी या ड्राई-आउट की कोई सूचना नहीं मिली है।
PNG कनेक्शन वालों को LPG सरेंडर करना होगा
सरकार द्वारा किए गए एलपीजी कंट्रोल ऑर्डर संशोधन के तहत जिन उपभोक्ताओं के घरों में पीएनजी कनेक्शन मौजूद है, उन्हें एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना होगा। सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य गैस संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करना और जरूरतमंद परिवारों तक गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
देशभर में निगरानी और कंट्रोल रूम सक्रिय
जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग पर रोक लगाने के लिए देशभर में छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में स्थिति की निगरानी के लिए विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। सरकार ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराहट में जरूरत से ज्यादा बुकिंग न करें और गैस बुक करने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करें।
