लखनऊ में कुष्ठ रोगी खोजी अभियान की शुरुआत, विधायक मुकेश शर्मा ने दिखाई हरी झंडी

लखनऊ। कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इस बीमारी को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से सोमवार को नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, इंदिरा नगर में ‘कुष्ठ रोगी खोजी अभियान’ का औपचारिक शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत मुख्य अतिथि विधायक मुकेश शर्मा और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. बी. सिंह ने हरी झंडी दिखाकर की।

घर-घर जाकर मरीजों की होगी पहचान

स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य घर-घर जाकर कुष्ठ रोग के संभावित मरीजों की पहचान करना है, ताकि समय रहते उनका इलाज शुरू किया जा सके। अधिकारियों के अनुसार सरकारी अस्पतालों में इस बीमारी की जांच और उपचार की पूरी व्यवस्था निःशुल्क उपलब्ध है।

स्वास्थ्य अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मयंक जलोटे विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं जिला क्षय रोग अधिकारी एवं जिला कुष्ठ रोग अधिकारी के दायित्वों का निर्वहन कर रहे डॉ. ए. के. सिंघल ने अभियान की रूपरेखा और इसके महत्व पर प्रकाश डाला।

अधिकारियों ने की जागरूकता की अपील

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे कुष्ठ रोग को लेकर किसी भी प्रकार के संकोच या भ्रांति में न रहें। यदि शरीर पर किसी प्रकार के दाग, धब्बे या असामान्य लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं, ताकि समय रहते उपचार शुरू किया जा सके।

स्वास्थ्य कर्मियों ने दिखाई सक्रिय भागीदारी

अभियान को सफल बनाने के लिए नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इंदिरा नगर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, गोमती नगर की टीबी इकाई से एसटीएस, एसटीएलएस और टीबीएचबी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी भी मौजूद रहे।

Related posts