लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को 80 बनाम 20 की लड़ाई बताते हुए दावा किया है कि भाजपा लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि जेन-जी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के साथ है। दीपावली के अवसर पर एक मीडिया संस्थान को दिए विशेष साक्षात्कार में योगी ने राहुल गांधी, अखिलेश यादव और असदुद्दीन ओवैसी पर भी निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में काम कर रही है और कोई व्यक्तिगत एजेंडा नहीं है। प्रदेश को बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकालकर देश की तीन प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल किया गया है। अब लक्ष्य उत्तर प्रदेश को देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है।
‘अयोध्या में रावण-मारीच का चिह्न नहीं, उनके भक्त क्यों आना चाहते हैं’
अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या जाने की चर्चा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम की नगरी में कोई भी आ सकता है, लेकिन उसे पवित्र भाव से आना चाहिए। उन्होंने सपा प्रमुख से रामभक्तों पर गोली चलवाने और अयोध्या की उपेक्षा के लिए माफी मांगने की मांग की।
योगी ने कहा कि राम जन्मभूमि परिसर में महर्षि वाल्मीकि, विश्वामित्र, गोस्वामी तुलसीदास, माता शबरी, निषादराज और गिद्धराज जटायु को सम्मान दिया गया है। इसके विपरीत अयोध्या में रावण, मारीच, सुबाहु और ताड़का का कोई चिह्न नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि फिर उनके भक्त यहां क्यों आना चाहते हैं? मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2027 के चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी का सफाया कर देगी।
‘अयोध्या मेरे लिए चुनाव नहीं, आस्था का विषय’
अयोध्या से चुनाव लड़ने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह यहां चुनाव लड़ने के लिए नहीं आए थे। जिन लोगों ने उन्हें चुनौती दी थी, वे खुद पीछे हट गए। उन्होंने अयोध्या को अपने लिए आस्था का विषय बताया।
योगी के मुताबिक, संविधान लागू होने और देश में पहला चुनाव होने से पहले ही गोरक्षपीठ श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़ी हुई थी। शैव परंपरा की पीठ होने के बावजूद उनके दादागुरु और गुरुदेव ने वैष्णव परंपरा तथा सूर्यवंश की राजधानी का गौरव बहाल करने के उद्देश्य से आंदोलन में भागीदारी की। उन्होंने कहा कि इस विरासत को आगे बढ़ाना उनके लिए गौरव की बात है।
राहुल गांधी पर निशाना, बोले- बहस का मंच संसद है, चौराहा नहीं
राहुल गांधी के लोकतांत्रिक संस्थाओं और संसद में आवाज दबाए जाने के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में बहस का सबसे बड़ा मंच संसद है, न कि चौराहा। संसद की कार्यवाही बाधित करना लोकतंत्र का अपमान है। राहुल गांधी की आवाज बंद किए जाने के आरोप पर योगी ने तंज कसते हुए कहा कि उनकी आवाज ही नहीं है।
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि देश में आपदा आने पर राहुल गांधी विदेश चले जाते हैं। देश में अराजकता पैदा करने की कोशिशों पर उन्होंने कहा कि नया भारत अपनी सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को जवाब देना जानता है।
सपा के पीडीए को बताया ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’
समाजवादी पार्टी के पीडीए के नारे पर योगी ने कटाक्ष करते हुए इसे ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ और ‘पराया धन अपना’ बताया। उन्होंने कहा कि सपा गिरगिट की तरह रंग बदलती है। राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पार्टी ने परिवार के प्रो. रामगोपाल यादव और मुंबई के एक धनाढ्य व्यक्ति को राज्यसभा भेजा।
असदुद्दीन ओवैसी के मुस्लिम मुख्यमंत्री और बुर्के वाली प्रधानमंत्री से जुड़े बयान पर योगी ने कहा कि उनकी यह इच्छा कयामत तक पूरी नहीं होगी। उन्होंने सपा, कांग्रेस और ओवैसी को एक ही थाली के चट्टे-बट्टे करार दिया।
1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम सूची से गायब होने का दावा
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में दर्ज 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम भारत निर्वाचन आयोग की सूची में शामिल नहीं हैं। उनके मुताबिक, इनमें 55 लाख सरकारी योजनाओं के लाभार्थी और 18 से 19 वर्ष की उम्र के 4.5 लाख युवा शामिल हैं।
योगी ने बताया कि इस संबंध में चुनाव आयोग को साक्ष्य और ज्ञापन सौंपे गए हैं। उन्होंने पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने और विदेशी घुसपैठियों के नाम हटाने की मांग किए जाने की बात भी कही।
3.60 करोड़ महिलाओं के लिए जल्द शुरू होगी नई योजना
महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन को लेकर मुख्यमंत्री ने जल्द एक नई योजना शुरू करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इससे करीब 3.60 करोड़ महिलाएं और उनके परिवार लाभान्वित होंगे। मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए काम किया जा रहा है।
योगी ने दावा किया कि महिलाओं ने बेहतर कानून-व्यवस्था के आधार पर 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन किया था।
9.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से अब तक प्रदेश में 9.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा की चार सरकारों के मुकाबले उनकी सरकार ने दोगुनी से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं।
योगी के मुताबिक, 32 हजार पुलिस कांस्टेबल, 42 हजार होमगार्ड और करीब 25 हजार अन्य पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। नवंबर और दिसंबर में नियुक्ति पत्र वितरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
बुलडोजर कार्रवाई को बताया माफिया के खिलाफ त्वरित कदम
बुलडोजर कार्रवाई पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह न्याय का कोई नया फॉर्मूला नहीं, बल्कि त्वरित कार्रवाई का तरीका है। इसका उद्देश्य सत्ता और न्याय व्यवस्था को चुनौती देने वाले माफिया को उनकी हैसियत का अहसास कराना है। उन्होंने कहा कि गरीबों, व्यापारियों और सार्वजनिक जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
70 लाख से अधिक दीपों से जगमगाई अयोध्या, मथुरा-वृंदावन में भी बदलाव का दावा
दीपोत्सव का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले आयोजन के दौरान अयोध्या में केवल 25 हजार दीप प्रज्वलित किए गए थे, जबकि इस बार पूरे नगर में 70 लाख से अधिक और राम की पैड़ी पर 36 लाख दीप जलाए गए। उन्होंने इस उपलब्धि को प्रदेश की 36 लाख करोड़ रुपये की अर्थव्यवस्था से जोड़ते हुए कहा कि आयोजन से स्थानीय कुम्हारों को भी रोजगार मिला है।
योगी ने कहा कि अयोध्या की तरह मथुरा-वृंदावन में भी बदलाव दिखाई देगा। धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े इन क्षेत्रों के विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
‘प्रदेश की 25 करोड़ जनता ही मेरा परिवार’
मुख्यमंत्री ने अपनी बहन के चाय की दुकान चलाने से जुड़े सवाल पर कहा कि वह योगी हैं और उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता ही उनका परिवार है। उन्होंने कहा कि उनकी बहन किसी के सामने हाथ नहीं फैलातीं, बल्कि स्वाभिमान के साथ अपने पैरों पर खड़ी हैं।
योगी ने वनटांगिया परिवारों के साथ दीपावली मनाने की परंपरा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने इन परिवारों को मताधिकार और राजस्व गांव की मान्यता दिलाई। त्योहार की खुशियां समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही इस परंपरा का उद्देश्य है।
