अयोध्या के दीपोत्सव से कारोबार को मिली बड़ी चमक, दुकानदारों की कमाई 3 गुना तक बढ़ी; होटल से कैब तक बंपर कमाई

अयोध्या: रामनगरी में दीपोत्सव की भव्यता का असर इस बार केवल धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्थानीय कारोबार को भी इसका सीधा फायदा मिला। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ी संख्या से होटल, कैब, खानपान और बाजारों में व्यावसायिक गतिविधियां तेज हो गईं। हालात ऐसे रहे कि कई होटलों में कमरे पूरी तरह बुक हो गए, जबकि छोटे दुकानदारों की रोजाना कमाई सामान्य दिनों के मुकाबले तीन गुना तक पहुंच गई। प्रसाद, चूड़ी, माला, श्रृंगार और खानपान से जुड़े कारोबारियों के लिए दीपोत्सव का सप्ताह बेहतर कमाई का अवसर लेकर आया।

दीपोत्सव की भव्यता से पर्यटन कारोबार को मिला विस्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या का दीपोत्सव लगातार भव्य स्वरूप ले रहा है। इस आयोजन ने रामनगरी को धार्मिक आस्था के साथ पर्यटन के बड़े आकर्षण के रूप में भी स्थापित किया है। दीपोत्सव के दौरान देश-विदेश से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने से स्थानीय कारोबार को नई गति मिल रही है। होटल, परिवहन और बाजारों में बढ़ी गतिविधियां इस बदलाव का संकेत दे रही हैं।

होटलों में शत-प्रतिशत बुकिंग, कमरों की मांग बढ़ी

दीपोत्सव के सप्ताह में होटल कारोबार पर पर्यटकों की आमद का साफ असर दिखाई दिया। होटल डिवाइन अयोध्या के प्रबंधक आयुष के मुताबिक, सामान्य दिनों की तुलना में आयोजन के दौरान होटल में करीब शत-प्रतिशत बुकिंग रही। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से कमरों की मांग में इजाफा हुआ और होटल व्यवसाय को अच्छा कारोबार मिला।

कैब चालकों की कमाई में भी तीन गुना बढ़ोतरी

दीपोत्सव के दौरान राम मंदिर, हनुमानगढ़ी, सरयू घाट और दूसरे धार्मिक स्थलों पर जाने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय परिवहन सेवाओं की मांग भी बढ़ गई। कैब संचालक शोभित तिवारी ने बताया कि आयोजन के दौरान उनका कारोबार अच्छा रहा और कमाई में करीब तीन गुना वृद्धि हुई। पर्यटकों को होटल से धार्मिक स्थलों और शहर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने के लिए कैब सेवाओं की मांग बनी रही।

800-1000 रुपये से बढ़कर 2500-3000 रुपये तक पहुंची रोजाना कमाई

दीपोत्सव का सबसे बड़ा फायदा छोटे दुकानदारों को मिला। चाट की दुकान चलाने वाले सौरभ सिंह ने बताया कि सामान्य दिनों में उनकी रोजाना कमाई 800 से 1000 रुपये के बीच रहती थी, लेकिन दीपोत्सव के दौरान यह बढ़कर 2500 से 3000 रुपये तक पहुंच गई। ग्राहकों की संख्या बढ़ने से उनकी बिक्री में अच्छा इजाफा हुआ।

प्रसाद विक्रेता दीपक कुमार ने भी आयोजन को कारोबार के लिहाज से फायदेमंद बताया। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव के दौरान बिक्री अच्छी रही और उन्हें लाभ हुआ। वहीं, पटना निवासी प्रसाद विक्रेता संजय यादव के मुताबिक, इस दौरान उनकी रोजाना कमाई 2500 से 3000 रुपये तक पहुंच गई।

चूड़ी और माला बेचने वाली वीना ने भी दीपोत्सव के दौरान अच्छी बिक्री होने की बात कही। श्रद्धालुओं की खरीदारी बढ़ने से उनके कारोबार को भी फायदा मिला। इस तरह बड़े कारोबारियों के साथ छोटे दुकानदारों को भी आयोजन से अतिरिक्त कमाई का अवसर मिला।

आस्था के उत्सव ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी दी रफ्तार

अयोध्या के दीपोत्सव ने धार्मिक आयोजन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी नए अवसर तैयार किए हैं। पर्यटकों की बढ़ी आवाजाही से होटल में ठहरने, स्थानीय परिवहन, खानपान और बाजारों में खरीदारी तक कई तरह के कारोबार को लाभ मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजन की बढ़ती भव्यता के बीच रामनगरी में धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय व्यवसायिक गतिविधियों का दायरा भी बढ़ रहा है।

Related posts