सपा सरकार पर बरसे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, बोले- अराजकता और दंगों को जनता आज भी नहीं भूली

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा है। आजमगढ़ में उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन के दौरान प्रदेश में अराजकता, गुंडागर्दी और दंगों का माहौल था, जिसे प्रदेश की जनता आज भी नहीं भूली है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कानून का राज स्थापित हुआ है और प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

सपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय की माता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जब-जब प्रदेश में सपा की सरकार रही, तब गुंडागर्दी, अराजकता और दंगों की स्थिति रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में जमीन और मकानों पर कब्जे की शिकायतें आम थीं।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि खासकर जौनपुर और आजमगढ़ के लोग उस दौर की स्थिति को अच्छी तरह जानते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा था।

भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था बेहतर होने का दावा

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में कानून का राज है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है और सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ जनता के हित में काम कर रही है।

सपा के कार्यक्रम को लेकर बोले- कोई भी कहीं आ-जा सकता है

बुलंदशहर में सपा प्रमुख के कार्यक्रम को रोके जाने के सवाल पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि किसी को रोकने या टोकने का सवाल ही नहीं है। हर व्यक्ति को कहीं भी आने-जाने की स्वतंत्रता है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी केवल बयानबाजी कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास करती है।

संजय निषाद के धरने पर भी दी प्रतिक्रिया

प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद के धरने पर बैठने के सवाल पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि समय-समय पर ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। सरकार हर घटना का संज्ञान लेती है और निष्पक्ष जांच कराई जाती है। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बुखार और स्वास्थ्य को लेकर दिए निर्देश

ब्रजेश पाठक ने लोगों से स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि बुखार होने पर तुरंत अस्पताल जाएं और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सावधानियों का पालन करें। उन्होंने कहा कि खांसी, जुकाम, सिरदर्द या अन्य लक्षण दिखाई देने पर मास्क का इस्तेमाल करें।

उन्होंने लोगों से हाथों की साफ-सफाई रखने और संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की भी अपील की।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी

बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां भी बाढ़ की स्थिति है, वहां स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। सभी जगहों पर दवाइयां उपलब्ध कराई गई हैं और मुख्यमंत्री खुद इसकी निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत वाले क्षेत्रों में राहत सामग्री और अन्य जरूरी सामान भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

 

Related posts