लखनऊ: ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए), उत्तर प्रदेश ने ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के दूसरे दिन भी सख्त कार्रवाई की। रविवार को ब्लिंकिट, Zepto, अमेजन, रिलायंस, मेट्रो समेत विभिन्न ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के वेयरहाउस और डार्क स्टोर्स की जांच की गई। इस दौरान गंभीर स्वच्छता संबंधी खामियां मिलने पर दो स्टोर के लाइसेंस निलंबित कर खाद्य कारोबार बंद कराया गया। वहीं, आवश्यक लाइसेंस अनुमोदन नहीं होने के कारण दो स्टोर में फ्रोजन मीट और मीट उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाई गई।
अभियान के तहत रविवार को कुल 92 निरीक्षण किए गए। इनमें 75 मामलों में सुधार नोटिस जारी करने की संस्तुति की गई, जबकि जांच के लिए 20 खाद्य नमूने एकत्र किए गए। निरीक्षण में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण, परिसर की स्वच्छता, तापमान नियंत्रण, वैधता अवधि और उपभोक्ताओं तक सुरक्षित डिलीवरी की व्यवस्था की पड़ताल की गई।
चिनहट के Zepto स्टोर में गंदगी और फफूंद, लाइसेंस निलंबित
लखनऊ के चिनहट स्थित Zepto स्टोर के निरीक्षण में स्वच्छता संबंधी कई गंभीर खामियां सामने आईं। परिसर में अत्यधिक गंदगी, शौचालय से दुर्गंध, फर्श पर कीट और उनसे संबंधित अपशिष्ट पाए गए। खाद्य सामग्री रखने वाले रैक पर जंग और फफूंद मिली। कटे-फटे खाद्य पदार्थों के ऊपर भी कीटों से संबंधित अपशिष्ट पाया गया। ऐसी सामग्री अन्य खाद्य पदार्थों के साथ रखी गई थी।
इसके अलावा खाद्य पदार्थों का भंडारण दवाओं और न्यूट्रास्यूटिकल्स के साथ किया जा रहा था। इन अनियमितताओं को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्टोर का लाइसेंस निलंबित कर दिया और सुधारात्मक कार्रवाई पूरी होने तक खाद्य कारोबार बंद करा दिया।
चिरैयाबाग के Zepto स्टोर में मीट की बिक्री पर रोक
लखनऊ के चिरैयाबाग स्थित Zepto स्टोर के लाइसेंस में मीट और मीट उत्पादों की बिक्री के लिए आवश्यक अनुमोदन नहीं मिला। इसके बावजूद स्टोर में इन उत्पादों की बिक्री की जा रही थी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए आवश्यक अनुमोदन के अभाव में मीट और मीट उत्पादों की बिक्री बंद करा दी।
हुसैनाबाद के Blinkit स्टोर पर भी कार्रवाई
लखनऊ के हुसैनाबाद स्थित Blinkit स्टोर के निरीक्षण में भी मीट और मीट उत्पादों की बिक्री के लिए लाइसेंस में आवश्यक अनुमोदन नहीं पाया गया। इसके बावजूद स्टोर में फ्रोजन मीट और मीट उत्पाद बेचे जा रहे थे। विभाग ने तत्काल इन उत्पादों की बिक्री पर रोक लगा दी।
नोएडा के Zepto स्टोर के कोल्ड रूम में मिली गंदगी
नोएडा के वाजिदपुर, सेक्टर-135 स्थित Zepto स्टोर (मॉडेम ग्रोसरी) के निरीक्षण में खाद्य सामग्री रखने वाले रैक पर जंग और फफूंद मिली। परिसर में स्वच्छता का स्तर भी खराब पाया गया। कोल्ड रूम के फर्श पर खाद्य पदार्थ बिखरे हुए थे। फर्श क्षतिग्रस्त होने के साथ वहां अत्यधिक गंदगी भी मिली।
विभाग ने कोल्ड रूम की व्यवस्था और स्वच्छता में सुधार होने तक वहां रखे संबंधित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगा दी। साथ ही कोल्ड रूम में खाद्य कारोबार का संचालन भी बंद करा दिया गया।
भंडारण से लेकर डिलीवरी तक की जांच
विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेयरहाउस और डार्क स्टोर्स में खाद्य पदार्थों के भंडारण, परिसर की स्वच्छता और कोल्ड चेन यानी तापमान नियंत्रण की जांच कर रहे हैं। खाद्य पदार्थों की खरीद और आपूर्ति से जुड़े बिल-वाउचर व अन्य जरूरी अभिलेख भी देखे जा रहे हैं।
इसके अलावा कर्मचारियों की स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड, आवश्यक प्रशिक्षण, पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। खाद्य पदार्थों की बेस्ट बिफोर अवधि से संबंधित निर्धारित 30 प्रतिशत और 45 दिन की सीमा का भी परीक्षण किया जा रहा है।
निरीक्षण में यह भी देखा जा रहा है कि खाद्य पदार्थों और अन्य सामग्रियों को अलग-अलग निर्धारित स्थानों पर रखा गया है या नहीं। एक्सपायर्ड अथवा अनुपयोगी खाद्य सामग्री की उपलब्धता और उसके निस्तारण की व्यवस्था के साथ पैकिंग, हैंडलिंग और डिलीवरी से जुड़े कर्मचारियों के आवश्यक विवरण भी जांचे जा रहे हैं।
ऑनलाइन खाद्य कारोबार में सुरक्षा मानकों का पालन कराने पर जोर
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के इस विशेष अभियान का उद्देश्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। विभाग के अनुसार, इसके लिए सुरक्षित भंडारण, स्वच्छता, वैधता अवधि, खाद्य पदार्थों के स्रोत से जुड़े अभिलेख और डिलीवरी व्यवस्था की जांच की जा रही है, ताकि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जुड़े खाद्य कारोबार में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
