नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली की हवा में शुक्रवार को मामूली सुधार दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 10 अंकों की गिरावट के साथ 270 पर पहुंच गया, लेकिन हवा अब भी खराब श्रेणी में बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, सुबह के समय प्रदूषण का स्तर 350 से 500 के बीच रह सकता है। वहीं, रविवार को हवा फिर बहुत खराब श्रेणी में पहुंचने की आशंका है।
मौसम विशेषज्ञ नवदीप दहिया के अनुसार, दिल्ली और एनसीआर में प्रदूषण के सबसे खराब दौर के दिन फिलहाल गुजर चुके हैं। हालांकि, तापमान में गिरावट और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण रात और सुबह के समय हवा की गुणवत्ता खराब बनी रह सकती है।
शुक्रवार को सीजन की सबसे ठंडी सुबह
दिल्ली में शुक्रवार को इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है।
शाम चार बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी के 57 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 38 पर हवा खराब, 15 पर बहुत खराब और चार केंद्रों पर मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई। सबसे अधिक प्रदूषण सीरी फोर्ट में रहा, जहां एक्यूआई 354 तक पहुंच गया।
पीएम 2.5 प्रदूषण में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी किसकी?
एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के रियल टाइम सोर्स अपार्शनमेंट आकलन के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली में पीएम 2.5 प्रदूषण में सबसे ज्यादा 27.2 प्रतिशत योगदान सेकेंडरी ऑर्गेनिक एयरोसोल का रहा।
इसके बाद पराली और घरेलू ईंधन के रूप में लकड़ी व उपले जलाने से 21.2 प्रतिशत प्रदूषण हुआ। कचरा जलाने की हिस्सेदारी 19.4 प्रतिशत और वाहनों से निकलने वाले धुएं की 16.6 प्रतिशत रही। वहीं, सेकेंडरी इनऑर्गेनिक एयरोसोल से 10.4 प्रतिशत, कोयला जलाने से 2.5 प्रतिशत, सड़क की धूल और मिट्टी से 2.3 प्रतिशत तथा औद्योगिक स्रोतों से 0.3 प्रतिशत प्रदूषण होने का अनुमान है।
रविवार को फिर बहुत खराब श्रेणी में पहुंच सकती है हवा
एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को दिल्ली की हवा फिर बहुत खराब श्रेणी में पहुंच सकती है। अगले छह दिनों तक वायु गुणवत्ता खराब से बहुत खराब श्रेणी के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञ नवदीप दहिया ने इंटरनेट मीडिया पर बताया कि तापमान में उलटफेर, दिल्ली की भौगोलिक स्थिति और शहरी फैलाव के कारण रात और सुबह के समय प्रदूषण का स्तर अन्य महानगरों की तुलना में अधिक रह सकता है। सुबह के वक्त एक्यूआई 350 से 500 के बीच रहने की आशंका है, जबकि दोपहर में स्थिति कुछ बेहतर हो सकती है।
हवा में प्रदूषकों के फैलाव की रफ्तार भी धीमी
पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम मिक्सिंग डेप्थ करीब 1100 मीटर रही। शनिवार को इसके 1400 मीटर, रविवार को 1450 मीटर और सोमवार को 1400 मीटर रहने की संभावना है। मिक्सिंग डेप्थ से पता चलता है कि प्रदूषक हवा में कितनी ऊंचाई तक फैल सकते हैं। इसका कम होना प्रदूषण को जमीन के आसपास जमा रखता है।
वहीं, वेंटिलेशन इंडेक्स शुक्रवार को 2000, शनिवार को 3000, रविवार को 4500 और सोमवार को 6000 वर्ग मीटर प्रति सेकंड रहने का अनुमान है। 6000 से कम वेंटिलेशन इंडेक्स और 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम हवा की रफ्तार प्रदूषकों के फैलाव के लिहाज से प्रतिकूल मानी जाती है।
सामान्य से कम रहा न्यूनतम तापमान
शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अलग-अलग इलाकों में पालम का न्यूनतम तापमान 10.9, लोधी रोड का 11.1, रिज का 13.1 और आया नगर का 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी में अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक था।
