डेथ ओवर के असली किंग क्यों हैं जसप्रीत बुमराह? आंकड़े बता रहे हैं उनकी घातक गेंदबाजी की पूरी कहानी

टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह एक बार फिर बड़े टूर्नामेंट में अपनी घातक गेंदबाजी से चर्चा में हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान उन्होंने कई अहम मौकों पर भारतीय टीम को विकेट दिलाकर मैच का रुख बदल दिया। जब भी टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव को मुश्किल हालात में विकेट की जरूरत पड़ी, उन्होंने गेंद बुमराह के हाथ में सौंपी और बुमराह ने भरोसे पर खरा उतरते हुए शानदार प्रदर्शन किया। खासतौर पर डेथ ओवर्स में उनकी गेंदबाजी ने विरोधी बल्लेबाजों के लिए रन बनाना बेहद मुश्किल कर दिया है।

डेथ ओवर्स में बुमराह के आंकड़े बेहद चौंकाने वाले

अगर टी20 वर्ल्ड कप 2024 से लेकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो बुमराह की गेंदबाजी और भी प्रभावशाली दिखाई देती है। इस दौरान जब भी टीम इंडिया स्कोर डिफेंड कर रही थी और मैच डेथ ओवर्स में पहुंचा, तब बुमराह ने गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीमों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

इस अवधि में उन्होंने कुल 9 मैचों में डेथ ओवर्स के दौरान गेंदबाजी की और 14 ओवर फेंके। इन 14 ओवरों में उन्होंने 9 विकेट हासिल किए। खास बात यह है कि इन ओवरों के दौरान उनके खिलाफ सिर्फ एक ही छक्का लगा है। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी मजबूत टीमों के बल्लेबाजों को भी बांधकर रखा।

4.39 की इकॉनमी से खर्च किए रन

डेथ ओवर्स में जसप्रीत बुमराह ने कुल 84 गेंदें फेंकी हैं, जिन पर विपक्षी बल्लेबाज सिर्फ 60 रन ही बना सके। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट मात्र 4.39 रहा। आम तौर पर टी20 क्रिकेट में डेथ ओवर्स के दौरान टीमें 10 या उससे ज्यादा के रन रेट से आसानी से रन बना लेती हैं, लेकिन बुमराह की सटीक यॉर्कर और धीमी गेंदों के सामने बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं मिला। यही वजह है कि उन्हें डेथ ओवर स्पेशलिस्ट माना जाता है और उनकी गेंदों पर रन बनाना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं रहा है।

टीम इंडिया के पास इतिहास रचने का मौका

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम के पास इतिहास रचने का बड़ा मौका है। अगर टीम इंडिया इस टूर्नामेंट का खिताब जीतती है तो वह टी20 वर्ल्ड कप का खिताब बचाने वाली दुनिया की पहली टीम बन जाएगी। अभी तक कोई भी टीम इस टूर्नामेंट में लगातार दो बार ट्रॉफी जीतकर अपने खिताब का बचाव नहीं कर पाई है।

दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम भी अपने दूसरे टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंची है। इससे पहले न्यूजीलैंड ने 2022 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल खेला था, लेकिन उस मुकाबले में उसे हार का सामना करना पड़ा था। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस बार फाइनल मुकाबले में कौन सी टीम बाजी मारती है।

Related posts