TVS ने Yamaha को पछाड़ा, दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता बनी

नई दिल्ली। भारत की प्रमुख दोपहिया वाहन कंपनियों में शामिल टीवीएस मोटर कंपनी ने वैश्विक बाजार में बड़ा मुकाम हासिल किया है। कंपनी ने बिक्री के मामले में जापानी दिग्गज यामाहा को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता बनने का रिकॉर्ड बना लिया है। हालिया रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी की तेज़ी से बढ़ती बिक्री ने उसे इस उपलब्धि तक पहुंचाया है।

बिक्री में तेज़ उछाल से हासिल किया बड़ा मुकाम

रिपोर्ट्स के मुताबिक टीवीएस ने वर्ष 2025 के दौरान कुल 54.6 लाख यूनिट्स की बिक्री दर्ज की। यह आंकड़ा 2024 के मुकाबले काफी ज्यादा है, जब कंपनी ने 45.2 लाख यूनिट्स बेची थीं। वहीं यामाहा की बिक्री 2025 में करीब 50 लाख यूनिट्स रही, जबकि 2024 में यह आंकड़ा 49.6 लाख यूनिट्स था। इसी अंतर के कारण टीवीएस ने वैश्विक रैंकिंग में यामाहा को पीछे छोड़ दिया।

दुनिया में पहले नंबर पर होंडा

वैश्विक स्तर पर दोपहिया वाहनों की बिक्री में पहला स्थान होंडा मोटरसाइकिल के पास बना हुआ है। कंपनी ने 2025 में करीब 16.44 मिलियन यूनिट्स की बिक्री दर्ज की। इससे पहले 2024 में होंडा ने 15.51 मिलियन यूनिट्स की बिक्री की थी। इस तरह होंडा अब भी दुनिया की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी बनी हुई है।

दूसरे स्थान पर हीरो मोटोकॉर्प

बिक्री के मामले में दूसरे स्थान पर भारत की ही कंपनी हीरो मोटोकॉर्प रही। कंपनी ने 2025 में करीब 6.25 मिलियन यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जबकि 2024 में यह आंकड़ा 5.94 मिलियन यूनिट्स था। घरेलू बाजार में मजबूत पकड़ के कारण हीरो मोटोकॉर्प वैश्विक स्तर पर भी शीर्ष कंपनियों में शामिल है।

टीवीएस के पोर्टफोलियो में कई विकल्प

टीवीएस भारत में कई सेगमेंट में दोपहिया वाहनों की बिक्री करती है। कंपनी के पोर्टफोलियो में स्कूटर और मोटरसाइकिल दोनों शामिल हैं। कंपनी 110 सीसी से लेकर 150 सीसी तक की क्षमता वाले स्कूटर बाजार में उपलब्ध कराती है। इसके अलावा 110 सीसी से शुरू होकर 312 सीसी तक की क्षमता वाली मोटरसाइकिलें भी कंपनी के पोर्टफोलियो में मौजूद हैं, जिनमें अपाचे सीरीज की प्रीमियम मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं।

इसके साथ ही कंपनी इलेक्ट्रिक सेगमेंट में भी अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है और आई क्यूब जैसे इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में पेश कर चुकी है।

यामाहा का सीमित सेगमेंट फोकस

दूसरी ओर यामाहा भारतीय बाजार में 150 सीसी से कम क्षमता वाली मोटरसाइकिलें नहीं बेचती। हालांकि कंपनी 125 सीसी इंजन वाले स्कूटर सेगमेंट में अपने उत्पादों की पेशकश करती है और प्रीमियम मोटरसाइकिल सेगमेंट पर अधिक ध्यान देती है।

Related posts