ईरान को ट्रंप की खुली चेतावनी, बोले- डील नहीं हुई तो होगा महायुद्ध; अरब देशों से भी की बड़ी अपील

वॉशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान देकर दुनिया की चिंता बढ़ा दी है। ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा है कि अगर अमेरिका और ईरान के बीच समझौता नहीं हुआ तो हालात महायुद्ध की तरफ बढ़ सकते हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि फिर युद्ध के मैदान में गोलियां पहले से कहीं ज्यादा जोरदार तरीके से चलेंगी।

डोनाल्ड ट्रंप ने यह बयान अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ’ पर एक लंबी पोस्ट के जरिए दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल ईरान के साथ बातचीत अच्छी दिशा में आगे बढ़ रही है, लेकिन यह या तो बेहद बड़ा समझौता साबित होगा या फिर कोई समझौता नहीं होगा।

‘फिर युद्ध के मैदान में लौटना पड़ेगा’

ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अगर बातचीत विफल होती है तो दुनिया को गंभीर परिणाम देखने पड़ सकते हैं। उन्होंने कहा, “हम वापस युद्ध के मैदान में होंगे और गोलियां चलेंगी, लेकिन पहले से कहीं ज्यादा बड़े और जोरदार तरीके से चलेंगी। हालांकि ऐसा कोई भी नहीं चाहता।”

अमेरिकी राष्ट्रपति के इस बयान को पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान के साथ जारी कूटनीतिक खींचतान के संदर्भ में बेहद अहम माना जा रहा है।

अरब देशों से अब्राहम समझौते पर हस्ताक्षर की अपील

डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी पोस्ट में कई अरब देशों का जिक्र करते हुए उनसे अब्राहम समझौते पर हस्ताक्षर करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्थिरता और शांति के लिए यह जरूरी है कि ज्यादा से ज्यादा देश इस समझौते का हिस्सा बनें।

ट्रंप ने सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, पाकिस्तान, तुर्की, मिस्र, जॉर्डन और बहरीन का नाम लेते हुए कहा कि इन देशों को एक साथ इस दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ देशों के पास इससे अलग रहने के अपने कारण हो सकते हैं, लेकिन अधिकांश देशों को इस ऐतिहासिक पहल का समर्थन करना चाहिए।

ईरान को भी दिया वैश्विक गठबंधन में शामिल होने का संकेत

ट्रंप ने कहा कि यदि ईरान अमेरिका के साथ समझौता करता है तो उसे भी इस वैश्विक गठबंधन का हिस्सा बनने का अवसर मिल सकता है। उन्होंने कहा कि यह दुनिया के लिए एक ऐतिहासिक कदम साबित हो सकता है और अमेरिका इसके लिए तैयार है।

उन्होंने सभी देशों से आग्रह किया कि वे जल्द से जल्द अब्राहम समझौते पर हस्ताक्षर करें, ताकि क्षेत्र में स्थिरता और सहयोग को मजबूत किया जा सके।

क्या है अब्राहम समझौता?

अब्राहम समझौता अमेरिका की पहल पर हुआ एक बड़ा कूटनीतिक समझौता है, जिसके तहत कुछ अरब देशों ने पहली बार औपचारिक रूप से इजरायल के साथ अपने संबंध सामान्य किए थे। यह समझौता साल 2020 में डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान कराया गया था और इसे पश्चिम एशिया की राजनीति में बड़ा बदलाव माना गया था।

Related posts