देवर की लव मैरिज का खूनी अंजाम, सास को मारने आया था लड़की का पिता; गलतफहमी में बहू को गोलियों से भूना

पटना: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां देवर की लव मैरिज का खामियाजा भाभी को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। साहेबगंज थाना क्षेत्र के गोड़ा गांव में आधी रात घर में घुसकर एक महिला की गोलियों से हत्या कर दी गई। बाद में पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला की सास की हत्या करने आया था, लेकिन अंधेरे और बिस्तर बदल जाने की वजह से उसने गलत पहचान में बहू को निशाना बना दिया।

मृतका की पहचान गोड़ा गांव निवासी महेश पासवान की 35 वर्षीय पत्नी मीना देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में आरोपी रंजीत पासवान को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

आधी रात घर में घुसा, ताबड़तोड़ बरसाईं गोलियां

जानकारी के मुताबिक गुरुवार रात करीब 12 बजे आरोपी हथियार लेकर घर में घुसा। उस समय मीना देवी अपने दो छोटे बच्चों के साथ कमरे में सो रही थीं। आरोपी ने आते ही उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार और गांव के लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि मीना देवी को चार गोलियां लगी थीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सास की जगह बहू को मार बैठा आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाली रात मीना देवी अपनी सास के बिस्तर पर सो रही थीं। आरोपी असल में अपने दामाद के परिवार से बदला लेने के लिए आया था और उसकी योजना सास की हत्या करने की थी।

लेकिन अंधेरे में उसने मीना देवी को ही अपनी सास समझ लिया और गोली मार दी।

देवर की लव मैरिज बनी विवाद की वजह

पुलिस के अनुसार मृतका के देवर सुधीर पासवान का आरोपी रंजीत पासवान की बेटी से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन लड़की का परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था।

परिवार के विरोध के बावजूद दोनों घर से भाग गए और शादी कर ली। इसी बात से आरोपी रंजीत पासवान नाराज था और बदले की आग में जल रहा था।

बताया गया कि शादी के बाद सुधीर को गुजरात भेज दिया गया था, लेकिन लड़की भी बाद में वहां पहुंच गई। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद और बढ़ गया।

चार बेटियां और दुधमुंहा बेटा छोड़ गई महिला

मीना देवी अपने पीछे चार बेटियां और दो महीने का एक दुधमुंहा बेटा छोड़ गई हैं। परिवार के मुताबिक उनकी सबसे बड़ी बेटी करीब 10 साल की है।

मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में इस घटना के बाद मातम और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं।

पुलिस ने आरोपी रंजीत पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Related posts