इस समुद्री इलाके में आते ही लापता हो जाते हैं जहाज,क्या है रहस्य ?

नई दिल्ली। बरमूडा ट्राएंगल का नाम आते ही लोगों के मन में पहला सवाल यह खड़ा होता है कि आखिर क्यों इस क्षेत्र में समुद्री जहाज अचानक लापता हो जाते हैं? आसमान में उड़ते जहाज भी नहीं बच पाते, वो भी गायब हो जाते हैं। ज्यादातर लोगों को यही जानकारी है कि दुनिया में सिर्फ एक ही बरमूडा ट्राएंगल है, लेकिन जापान का एक समुद्री इलाका भी अब बरमूडा ट्राएंगल के नाम से जाना जाता है। इसका कारण यह है कि यहां वर्षों से जहाज गायब हो रहे हैं, जिसका अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

पूरी दुनिया को बरमूडा ट्राएंगल जैसे रहस्यमयी समुद्री इलाके के बारे में जानकारी है, लेकिन जापान का यह समुद्री इलाका भी बहुत खतरनाक माना जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बरमूडा ट्राएंगल की तरह यहां भी अब तक 10 से अधिक समुद्री जहाज गायब हो चुके हैं। साल 2012 में भी चीन से जापान जा रहा एक जहाज इस इलाके में आते ही अचानक गायब हो गया था । इस जहाज में 19 क्रू मेंबर्स सवार थे, लेकिन आज तक न तो उनका कोई पता चला और ना ही जहाज के मलबे के बारे में ही कोई जानकारी हाथ लगी। जापान का यह इलाका ‘डेविल सी’ के नाम से जाना जाता है। चीन के एक प्रोफेसर और पैरानॉर्मल एक्टिविटीज के एक्सपर्ट जुनिची याओई ने इस रहस्यमयी इलाके के बारे में एक चौंकाने वाला खुलासा किया था ।

यह भी पढ़ें : इस लाइट हाउस के कीपर की सालाना 30 करोड़ सैलरी, काम स्विच ऑन-ऑफ करना

उन्होंने डेविल सी के ऊपर एक डॉक्यमेंट्री भी जारी की थी। उनका कहना था कि डेविल सी धरती का दूसरा बरमूडा ट्राएंगल है। हैरान करने वाली बात तो ये है कि डेविल सी का ये इलाका भी बरमूडा ट्राएंगल की तरह ही त्रिकोणीय है। यही कारण है कि इसे दुनिया का दूसरा बरमूडा ट्राएंगल कहा जाने लगा है। इस समुद्री क्षेत्र में होने वाली रहस्यमयी घटनाओं की वजह से जापान सरकार ने इस पूरे समुद्री क्षेत्र को प्रतिबंधित घोषित किया है । इस इलाके को लोग ड्रैगन ट्राएंगल के नाम से भी जानते हैं।

उनका मानना है कि यहां जिस तरह से रहस्यमयी घटनाएं घट रही हैं, हो न हो यहां जरूर किसी समुद्री ड्रैगन का हाथ है। समुद्री क्षेत्र में घट रही घटनाएं वर्षों से जारी हैं। साल 1955 में जापान के 9 युद्धक विमान, जिसमें कुछ मालवाहक जहाज भी थे, अचानक इस इलाके से गायब हो गए थे। बाद में इन जहाजों का पता लगाने के लिए जापान ने अपना एक विशेष जहाज भी भेजा था, लेकिन कुछ दिनों बाद वो जहाज भी रहस्यमयी तरीके से इस इलाके से गायब हो गया था । इन्हीं घटनाओं के बाद से इस इलाके को प्रतिबंधित कर दिया गया और इसे ड्रैगन ट्राएंगल और डेविल सी नाम दिया गया।

यह भी पढ़ें : शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन में बोले पीएम मोदी : आतंकवाद पर दोहरा रवैया मंजूर नहीं

Related posts