लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और विश्वकर्मा जयंती के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को राजधानी लखनऊ में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान विश्वकर्मा स्वरोजगार से जुड़े लाभार्थियों को टूलकिट और विभिन्न योजनाओं के तहत चेक वितरित किए जाएंगे। साथ ही मार्जिन मनी ऋण पोर्टल का शुभारंभ भी होगा।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रदर्शनी और पोर्टल का शुभारंभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में विश्वकर्मा स्वरोजगार एवं स्वदेशी मेला-2026 पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे। इसी कार्यक्रम में मार्जिन मनी ऋण पोर्टल भी लॉन्च किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और टूलकिट दिए जाएंगे। इस मौके पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री भूपेंद्र चौधरी और राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा भी मौजूद रहेंगे।
शाम को ‘गंगासागर नमो नमः’ का लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम को जनभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ ‘गंगासागर नमो नमः’ का लोकार्पण करेंगे। गंगोत्री से गंगासागर की थीम पर तैयार की गई इस प्रतिकृति में चारों धाम के साथ प्रयागराज और काशी के घाट व मंदिरों को भी शामिल किया गया है।
इस दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री प्रयागराज से लाए गए गंगाजल को अर्पित करेंगे।
‘आशीर्वाद का दीया’ भी जलाएंगे राज्यपाल और मुख्यमंत्री
सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर ‘आशीर्वाद का दीया’ भी प्रज्ज्वलित किया जाएगा। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र निर्माण के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ उनकी दीर्घायु की कामना के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
विश्वकर्मा जयंती पर सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं भी दी हैं। राजधानी में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में स्वरोजगार, स्वदेशी उत्पादों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता उपलब्ध कराने से जुड़े कार्यक्रम प्रमुख रूप से शामिल हैं।
