लखनऊ में बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, सड़क जाम से लेकर उपकेंद्रों पर पथराव तक हंगामा

लखनऊ: भीषण गर्मी के बीच राजधानी लखनऊ में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती ने लोगों का सब्र तोड़ दिया है। शहर के कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने से नाराज लोगों ने गुरुवार को सड़कों पर उतरकर जमकर प्रदर्शन किया। बुद्धेश्वर चौराहा, मोहन रोड और रायबरेली रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर चक्का जाम कर दिया गया। कई जगह उपकेंद्रों पर हंगामा, नारेबाजी और पथराव की घटनाएं भी सामने आईं।

रायबरेली रोड पर घंटों जाम, पुलिस से धक्का-मुक्की

रायबरेली रोड स्थित उतरेठिया और अंबेडकर उपकेंद्र की खराब व्यवस्था के खिलाफ बलदेव विहार, मवैया, देवीखेड़ा समेत आसपास के इलाकों के सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने शहीद पथ अंडरपास के नीचे मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात ठप रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

मौके पर पहुंची पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई। आरोप है कि कुछ लोगों ने बैरिकेडिंग हटाने पहुंचे इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह को पीछे धकेलने की कोशिश की। पुलिस ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद रास्ता खाली कराया।

60 कॉलोनियों में पांच दिनों से बिजली संकट

प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि उतरेठिया और अंबेडकर उपकेंद्र से जुड़े करीब 60 कॉलोनियों में पिछले पांच दिनों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नीलमथा, तेलीबाग, बलदेव विहार और उतरेठिया समेत कई इलाकों में एबी केबल जलने और ट्रांसफार्मर फुंकने की घटनाएं सामने आई हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली कुछ देर के लिए आती है और फिर लंबे समय तक कटौती जारी रहती है। लगातार गर्मी और उमस के बीच लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अधिकारियों के फोन बंद, उपकेंद्रों पर नहीं मिले कर्मचारी

लोगों का गुस्सा इस बात को लेकर भी फूटा कि शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। आरोप है कि कई अधिकारियों के फोन बंद मिले और उपकेंद्रों पर कर्मचारी मौजूद नहीं थे।

बुधवार रात नाराज उपभोक्ताओं ने उतरेठिया और अंबेडकर उपकेंद्र के कई फीडर बंद करा दिए थे और पूरी रात उपकेंद्रों पर डटे रहे। गुरुवार को भी सैकड़ों लोग उतरेठिया पावर हाउस पहुंच गए, जहां कई कर्मचारी और जूनियर इंजीनियर अनुपस्थित मिले।

बाद में एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव और पीजीआई इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में बिजली विभाग के कर्मचारियों को बुलाकर फीडर दोबारा चालू कराए गए, जिसके बाद हालात कुछ सामान्य हुए।

मोहनलालगंज में ट्रांसफार्मर फुंका, 200 कनेक्शन प्रभावित

मोहनलालखेड़ा क्षेत्र में गुरुवार सुबह ओवरलोडिंग के चलते 63 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। इससे करीब 200 बिजली कनेक्शनों की सप्लाई ठप हो गई। ग्रामीणों की शिकायत के बावजूद देर शाम तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका, जिससे पूरे इलाके में अंधेरा पसरा रहा।

इंदिरानगर और जानकीपुरम में भी बवाल

इंदिरानगर सेक्टर-25 उपकेंद्र पर रात नौ बजे बिजली गुल हो गई, जो देर रात डेढ़ बजे तक बहाल नहीं हो सकी। परेशान लोग घरों से बाहर निकल आए और कई लोग गाड़ियों में एसी चलाकर बैठे दिखाई दिए। नाराज लोगों ने पावर हाउस का घेराव कर दिया।

वहीं, जानकीपुरम विस्तार सेक्टर-6 उपकेंद्र पर भी उग्र भीड़ पहुंच गई। प्रदर्शनकारी सीधे कंट्रोल रूम में घुस गए और कर्मचारियों से तीखी बहस शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख कई कर्मचारी उपकेंद्र छोड़कर चले गए। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।

अपट्रॉन उपकेंद्र पर पथराव, कर्मचारियों में दहशत

गुरुवार देर रात अपट्रॉन उपकेंद्र पर भी सैकड़ों लोग पहुंच गए। भीड़ का गुस्सा देखकर कर्मचारियों ने उपकेंद्र का मुख्य गेट बंद कर दिया। इससे लोग और भड़क गए और उपकेंद्र पर ईंट-पत्थर फेंके गए। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू में किए।

इसी दौरान कर्मचारियों ने पूरी रात काम करके जली हुई एबी केबल को दुरुस्त किया। वहीं, चिनहट स्थित ओमेगा उपकेंद्र भी आधी रात को ठप हो गया, जिससे ओमेगा अपार्टमेंट, जुग्गौर और स्प्रिंग गार्डेन समेत बड़े इलाके में बिजली सप्लाई बंद रही।

नूरबाड़ी, राजाजीपुरम और आलमबाग में भी प्रदर्शन

सआदतगंज के ओल्ड नूरबाड़ी उपकेंद्र, राजाजीपुरम और आलमबाग के कई इलाकों में भी बिजली गुल होने के बाद लोग सड़कों पर उतर आए। प्रेम नगर, विश्वेश्वर नगर, जयप्रकाश नगर और सुखलाल मार्ग के लोगों ने चंदर नगर उपकेंद्र पहुंचकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

संवेदनशील उपकेंद्रों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती

लखनऊ सेंट्रल के मुख्य अभियंता रवि अग्रवाल ने बताया कि राजाजीपुरम और आरडीएसओ समेत 10 संवेदनशील उपकेंद्रों पर रात में अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उनका कहना है कि किसी भी तकनीकी खराबी की स्थिति में तुरंत बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related posts