उत्तर प्रदेश के अमरोहा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ही दुल्हन के लिए दो अलग-अलग बरातें एक ही बैंक्वेट हॉल में पहुंच गईं। अचानक बनी इस स्थिति से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। आखिरकार दुल्हन की इच्छा के आधार पर निकाह संपन्न कराया गया।
पहले मुरादाबाद में तय हुआ था रिश्ता
जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी बेटी का रिश्ता पहले मुरादाबाद निवासी युवक से तय किया था। दोनों परिवारों के बीच सगाई हो चुकी थी और 12 अप्रैल को शादी की तारीख भी निर्धारित थी। इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया, जिसके बाद लड़की पक्ष ने यह रिश्ता तोड़ दिया। हालांकि तब तक शादी के कार्ड छप चुके थे और निमंत्रण भी भेजे जा चुके थे।
जल्दबाजी में संभल में तय हुआ नया रिश्ता
रिश्ता टूटने के बाद परिवार ने सामाजिक मान-सम्मान को ध्यान में रखते हुए जल्दबाजी में संभल निवासी युवक से नया रिश्ता तय कर दिया। खास बात यह रही कि शादी की तारीख में कोई बदलाव नहीं किया गया और उसी दिन विवाह की तैयारी जारी रखी गई।
जब आमने-सामने आ गईं दोनों बरातें
रविवार दोपहर कैलसा बाईपास स्थित एक बैंक्वेट हॉल में संभल से आई बरात पहुंच चुकी थी और निकाह की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान मुरादाबाद से पहले तय दूल्हा भी बरात लेकर उसी स्थान पर पहुंच गया। एक ही दुल्हन के लिए दो बरातों के आमने-सामने आने से माहौल गर्मा गया और विवाद की स्थिति बन गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, दुल्हन की राय से हुआ फैसला
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने दुल्हन से उसकी इच्छा जानी। दुल्हन ने परिजनों की सहमति से संभल से आए दूल्हे के साथ निकाह करने की बात कही। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में निकाह की रस्म पूरी कराई गई।
दूल्हे को थाने ले गई पुलिस, बिना कार्रवाई मामला शांत
घटना के बाद मुरादाबाद से आए दूल्हे को पुलिस अपने साथ कोतवाली ले गई, जहां उसे शाम तक बैठाए रखा गया। वहीं निकाह के बाद संभल की बरात दुल्हन को लेकर रवाना हो गई। देर शाम हालात सामान्य होने पर मुरादाबाद पक्ष को भी वापस भेज दिया गया। इस पूरे मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, लेकिन यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
