दिन ही नहीं, रातें भी ‘आग’ उगल रहीं: 35 शहरों में रात का पारा 30°C पार, बांदा लगातार 5वें दिन सबसे गर्म

नई दिल्ली: देश में भीषण गर्मी का प्रकोप अब दिन के साथ-साथ रातों में भी लोगों को झुलसाने लगा है। गुरुवार को देश के 35 शहरों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जिससे रातें भी अब राहत देने के बजाय ‘तपती’ हुई नजर आ रही हैं।

सबसे ज्यादा गर्म रात राजस्थान के हनुमानगढ़ में रिकॉर्ड की गई, जहां न्यूनतम तापमान 33.7°C दर्ज हुआ। वहीं कई राज्यों में रात के तापमान में असामान्य बढ़ोतरी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।

बांदा लगातार 5वें दिन देश का सबसे गर्म शहर

उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार पांचवें दिन देश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है। यहां अधिकतम तापमान 47.6°C दर्ज किया गया। प्रयागराज में 46.6°C, वाराणसी में 45.6°C और हमीरपुर व सुल्तानपुर में भी तापमान 45°C से ऊपर पहुंच गया है।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए भीषण हीटवेव की चेतावनी दी है।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर

राजस्थान में श्रीगंगानगर एक बार फिर सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा, जहां तापमान 45.1°C दर्ज किया गया। वहीं हनुमानगढ़ में रात का पारा सबसे अधिक रहा, जिससे गर्मी का असर चौबीसों घंटे महसूस किया जा रहा है।

मध्य प्रदेश के निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों में भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले 10 दिनों तक भीषण गर्मी का दौर जारी रह सकता है और तापमान 46°C से भी ऊपर जा सकता है।

बिहार में गर्मी का असर, कई जिलों में स्कूल बंद

बिहार में भी भीषण गर्मी को देखते हुए पटना और गया में कक्षा 5 तक के स्कूल 22 से 26 मई तक बंद कर दिए गए हैं। राज्य के 14 जिलों में हीटवेव अलर्ट जारी है। वहीं मधेपुरा और सहरसा में आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई।

रोहतास में अधिकतम तापमान 44.6°C और कैमूर में 44.4°C रिकॉर्ड किया गया।

दिल्ली और हरियाणा में गर्म रातों ने तोड़े रिकॉर्ड

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी के कारण जल स्रोत प्रभावित हो रहे हैं। संजय झील का जलस्तर कम होने से बड़ी संख्या में मछलियों की मौत की सूचना है।

हरियाणा के भिवानी में 38 साल बाद सबसे गर्म रात दर्ज की गई, जहां तापमान 36.6°C तक पहुंच गया। सिरसा में दिन का तापमान 45.8°C रिकॉर्ड किया गया।

दक्षिण और पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट

जहां उत्तर और मध्य भारत लू की चपेट में है, वहीं दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और झारखंड में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान आने की संभावना भी जताई गई है।

Related posts